Sep 24 2026 / 9:32 AM

चीन से तनाव: लद्दाख पहुंचे आर्मी चीफ, LAC पर हालात को लेकर लिया जायजा

नई दिल्ली। चीन के साथ तनातनी के बीच सेना प्रमुख एमएम नरवणे ने लद्दाख का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शीर्ष अधिकारियों के साथ मुलाकात की और वहां के हालात का जायजा लिया। सूत्रों ने बताया है कि आर्मी चीफ ने लेह स्थित 14 सैन्यदलों के मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उत्तरी कमांड के मुख्य अधिकारियों के साथ चर्चा की और जाना कि ताजा हालात कैसे हैं।

जाहिर है भारत और चीन के बीच सीमा पर एक बार फिर तनाव उभर गया है। सेना प्रमुख के दौरे से पहले दोनों देशों के बीच सैन्य अधिकारियों के स्तर पर बातचीत शुरू हुई थी। लद्दाख सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास भारत और चीन के फील्ड कमांडरों के बीच उत्तरी लद्दाख में गालवान नाला क्षेत्र में जारी गतिरोध को हल करने के लिए बातचीत चल रही है।

सूत्रों के मुताबिक, लद्दाख में चीन के साथ तीन जगह- गालवन नाला, डेमचौक और दौलत बेग और पैंगोंग त्सो झील में तनाव है। गालवन नाला में दोनों देशों के 300-300 सैनिक आमने-सामने हैं। इस इलाके पर चीन अपना दावा कर रहा है। भारतीय सेना के फील्ड कमांडर चीन के कमांडरों से बात कर रहे हैं और मामले का हल निकालने की कोशिश की जा रही है।

पिछले दिनों लद्दाख की पैंगोंग त्सो झील और गालवन घाटी में दोनों देशों ने सैनिकों की संख्या बढ़ा दी थी। यहां पिछले दो हफ्ते से टकराव बना हुआ है। इसे लेकर ब्रिगेड कमांडरों की फ्लैग मीटिंग भी हुई, लेकिन बेनतीजा रही। चीन की इस हरकत पर भारत के सेना के टॉप अफसर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उधर, अमेरिका ने भी कहा था है कि चीनी सैनिकों का आक्रामक बर्ताव खतरे की तरफ इशारा करता है।

Share With

मध्यप्रदेश