Sep 24 2026 / 10:03 AM

राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दी देशवासियों को ईद की बधाई

नई दिल्ली। देश में इस वक्त कोरोना वायरस जैसी महामारी का कहर जारी है, लॉकडाउन के कारण कई तरह की बंदिशें भी लगी हुई हैं। और इस सबके बीच देश आज ईद मना रहा है, रविवार की शाम को देश में ईद का चांद निकला। सोमवार को देश ईद-उल-फितर मना रहा है और अमन की दुआ मांग रहा है।

दुनियाभर में ऐसा पहली बार हुआ जब मुस्लिम भाई अपने सबसे बड़े पर्व ईद-उल-फितर की नमाज मस्जिद या ईदगाह पर नहीं, बल्कि घर में ही अदा करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोमवार को ट्विटर पर देशवासियों को ईद की बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा, ‘ईद मुबारक, ईद उल फितर की आप सभी को बधाई। ये खास पर्व हम सभी के जीवन में भाईचारा और शांति लाए। हर कोई स्वस्थ रहे और खुश रहे’।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी देशवासियों को ईद की बधाई दी। राष्ट्रपति ने लिखा कि ईद मुबारक! यह त्योहार प्रेम, शांति और भाईचारे का प्रतीक है। ईद पर हमें समाज के जरूरतमंद लोगों का दर्द बांटने और उनके साथ ख़ुशियाँ साझा करने की प्रेरणा मिलती है। आइए, इस मुबारक मौके पर हम ज़कात की भावना को मजबूत बनाएं और कोविड-19 की रोकथाम के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।

इनके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बसपा प्रमुख मायावती समेत अन्य नेताओं ने देशवासियों को ईद की बधाई दी।

ईद-उल-फितर मुस्लिम समुदाय के लिए सबसे बड़ा त्योहार है, जो रमज़ान के महीने के पूरा होने पर मनाया जाता है। ईद-उल-फितर का त्योहार रमज़ान के 29 या 30 रोजे रखने के बाद चांद देखकर मनाया जाता है। सऊदी अरब, यूएई समेत तमाम खाड़ी देशों में 30 रोज़े पूरे होने के बाद चांद देखकर 24 मई को ईद मनाई गई। जबकि भारत में 24 मई को ईद का चांद दिखाई दिया। जिसके बाद 25 मई को ईद का त्योहार मनाया जा रहा है।

Share With

मध्यप्रदेश