मशहूर हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर का निधन
नई दिल्ली। पूर्व हॉकी कप्तान और तीन बार ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट रहे 96 वर्षीय बलबीर सिंह सीनियर नहीं रहे। सुबह 6 बजकर 17 मिनट पर उनका देहांत हो गया। बलबीर सिंह सीनियर को गत 8 मई को तबीयत खराब होने के बाद मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था बलबीर सिंह के परिवार में बेटी सुशबीर और तीन बेटे कंवलबीर, करणबीर और गुरबीर हैं।
मोहाली के फोर्टिस अस्पताल के निदेशक अभिजीत सिंह ने बताया, उनका सुबह 6.30 पर निधन हुआ। बलबीर सीनियर को आठ मई को वहां भर्ती कराया गया था। वह 18 मई से अर्ध चेतन अवस्था में थे और उनके दिमाग में खून का थक्का जम गया था। उन्हें फेफड़ों में निमोनिया और तेज बुखार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
देश के महानतम एथलीटों में से एक बलबीर सीनियर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति द्वारा चुने गए आधुनिक ओलंपिक इतिहास के 16 महानतम ओलंपियनों में शामिल थे। हेलसिंकी ओलंपिक फाइनल में नीदरलैंड के खिलाफ पांच गोल का उनका रिकॉर्ड आज भी कायम है।
बलबीर सिंह सीनियर दुनियाभर में गोल मशीन के नाम से मशहूर थे। भारत ने हॉकी में ओलंपिक लंदन (1948), हेल्सिंकी (1952) और मेलबोर्न (1956) में गोल्ड मेडल जीता था, खास बात यह है कि इन तीनों टीमों में बलबीर सिंह सीनियर मेडल विजेता टीम के हिस्सा थे। साल 1948 के लंदन ओलंपिक में अर्जनटीना के खिलाफ उन्होंने 6 गोल दागे थे, इस मैच में भारत 9-1 से जीता था।
