चीन से तनातनी: पीएम मोदी ने एनएसए डोभाल और तीनो सेना प्रमुख के साथ की बैठक
नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच लद्दाख में उपजी तनातनी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NSA अजीत डोभाल संग एक हाईलेवल मीटिंग की है। प्रधानमंत्री मोदी ने इन एनएसए डोभाल के साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत तथा तीनो सेना प्रमुखों से भी मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने विदेश सचिव से भी बात की थी।
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी सीडीएस जनरल रावत और तीनों सेना प्रमुखों के साथ चीन से तनाव के मामले पर लंबी समीक्षा बैठक कर चुके हैं। राजनाथ सिंह को सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवाने इस मामले की स्थिति के बारे में पूरी जानकारी दी थी।
सूत्रों के हवाले से कहा कि दोनों बैठकों में मोदी और राजनाथ को चीन की हरकतों पर भारतीय सेना के जवाब की जानकारी दी गई। मीटिंग में दो अहम फैसले लिए गए। पहला- इस क्षेत्र में सड़क निर्माण जारी रहेगा। दूसरा- भारतीय सैनिकों की तैनाती उतनी ही रहेगी जितनी चीन की है।
तनाव कम करने के लिए दोनों देशों के आर्मी अफसरों की कई मीटिंग हो चुकी हैं। सोमवार तक बातचीत बेनतीजा रही। पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर भारत-चीन के बीच करीब दो महीने से तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस बीच चीन ने भारतीय इलाके में 10 किलोमीटर भीतर घुसकर 100 से ज्यादा तंबू गाड़ दिए हैं। इस महीने दोनों देशों के सैनिकों के बीच 3 बार झड़प भी हो चुकी है।
भारत से लगती सीमा पर सैन्य झड़पों के बाद चीन ने न केवल अपने सैनिकों को बड़ी संख्या में सीमा के पास तैनात कर दिया है बल्कि ऊचाईं वाले इलाके में उड़ान भरने के अनुकूल लड़ाकू विमान जे-11 और जे 16एस को भी ऑपरेट करना शुरू कर दिया है। इन तस्वीरों को ओपन सोर्स इंटेलिजेंस एनॉलिस्ट Detresfa ने जारी किया है।
