वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने किया खिलाड़ियों-कर्मचारियों की सैलरी में कटौती का ऐलान
सेंट जोंस। कोरोना वायरस की वजह से वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने अस्थायी तौर पर खिलाड़ियों-कर्मचारियों की सैलरी में 50 प्रतिशत कटौती का ऐलान किया है। यह फैसला जुलाई से लागू होगा। यह फैसला वित्तीय रणनीतिक सलाहकार समिति की सिफारिशों के बाद क्रिकेट वेस्टइंडीज के निदेशक बोर्ड की टेली कांफ्रेस बैठक के बाद लिया गया।
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने बयान में कहा कि इस समय दुनिया भर में कोई भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला जा रहा है और काफी अनिश्चितता बनी हुई है कि नियमित रूप से क्रिकेट गतिविधियां कब शुरू होंगी। उन्होंने आगे कहा कि दुनियाभर में कई अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल संस्थानों की तरह क्रिकेट वेस्टइंडीज को भी आय में काफी नुकसान हो रहा है और हमारे परिचालन पर भी लंबे समय तक प्रभाव भी पड़ेगा।
इसमें कहा गया कि क्रिकेट वेस्टइंडीज के निदेशक बोर्ड ने उस योजना पर सहमति जताई है जिससे हम भविष्य को सुरक्षित करने की उम्मीद कर सकते हैं और कम से कम हमसे जुड़े सभी लोगों को नौकरी की सुरक्षा तो प्रदान कर ही सकते हैं।
क्रिकेट वेस्टइंडीज के अध्यक्ष स्केरिट ने कहा कि यह महामारी वेस्टइंडीज के प्रत्येक व्यक्ति को नुकसान पहुंचा रही है और स्टाफ और खिलाड़ियों के वेतन में कटौती करने का फैसला काफी मुश्किल था। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड से पहले ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड और ईसीबी भी कर्मचारियों के वेतन में कटौती कर चुके हैं।
