Sep 25 2026 / 3:44 AM

देश में 24 घंटे में कोरोना के 9,971 नए केस, 287 लोगों की मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। देश में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 2 लाख 46 हजार 628 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9 हजार 971 मामले सामने आए हैं और 287 मौतें हुई हैं।

वहीं देश में कोरोना के कुल मामलों की बात करें तो कोरोना के कुल 2 लाख 46 हजार 628 केस देशभर में हैं और इस महामारी से 6929 लोगों की जान गई है। हालांकि राहत की बात ये है कि इस बीमारी से 119293 लोग ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं।

बता दें कि देश में कोरोना वायरस मरीजों के ठीक (रिकवरी) होने की दर 48.20% है। आईसीएमआर ने संक्रमित व्यक्तियों में कोरोना वायरस का पता लगाने के लिए परीक्षण क्षमता को और बढ़ा दिया है। सरकारी प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़कर 520 हो गयी है और निजी प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़कर 222 (कुल 742) हो गयी है। अब तक जांचे गए नमूनों की कुल संख्या 45 लाख 24 हजार 317 है।

वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के एक प्रमुख विशेषज्ञ ने कहा है कि भारत में कोरोना वायरस महामारी को लेकर स्थिति अभी विस्फोटक नहीं है, लेकिन देश में मार्च में लागू लॉकडाउन हटाने की तरफ बढ़ने के साथ इस तरह का जोखिम बना हुआ है। भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या दोगुने होने का समय इस स्तर पर करीब तीन सप्ताह है। इसलिए महामारी की दिशा कई गुना बढ़ने वाली नहीं है लेकिन यह अब भी बढ़ रही है।

Share With

मध्यप्रदेश