‘शायर’ बने राहुल गांधी, अमित शाह पर कसा शायराना तंज
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बिहार में एक वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत की सीमा पूरी तरह से सुरक्षित है। इसे लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शायराना तंज कसा। राहुल ने शायराना अंदाज में कहा कि सीमा की हकीकत सभी को मालूम है लेकिन दिल को खुश करने के लिए ये ख्याल अच्छा है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, ‘सब को मालूम है ‘सीमा’ की हकीकत लेकिन, दिल को खुश रखने को, ‘शाह-यद’ ये ख्याल अच्छा है।’
इससे पहले राहुल गांधी ने 29 मई को भी केंद्र सरकार पर हमला बोला था, एक ट्वीट में, राहुल गांधी ने कहा, चीन के साथ सीमा की स्थिति के बारे में सरकार की चुप्पी संकट के समय में भारी अटकलों और अनिश्चितता को हवा दे रही है। भारत सरकार को स्पष्ट करना चाहिए और भारत को बताना चाहिए कि वास्तव में क्या हो रहा है।
गौरतलब है कि रैली के दौरान शाह ने कहा था कि एक जमाना था कि हमारी सरहदों में कोई भी घुस जाता था। सीमा से छेड़खानी करता था, जवानों के सिर काट लेते थे और दिल्ली में उफ्फ तक नहीं होती थी। हमारे समय में उड़ी हुआ, पुलवामा हुआ। मोदी सरकार थी, कुछ ही दिनों में सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करके घर में घुसकर मारा।
दुनिया ने माना कि अमेरिका और इस्राइल के बाद कोई देश अपनी सीमा की रक्षा को सक्षम है तो वह भारत है। पीएम मोदी ने देश की सीमा को सुरक्षित किया। कई ऐसे काम किए जिससे दुनिया में सम्मान मिला।
