Sep 25 2026 / 12:06 PM

रक्षा मंत्री राजनाथ से राहुल गांधी ने पूछा- क्या चीनी सैनिकों ने भारतीय जमीन पर कब्जा किया है?

नई दिल्ली। कोरोना संकट काल के बीच चीन के साथ लद्दाख में जारी तनाव सरकार के लिए चिंता का विषय बन गया है। मुश्किल के इस वक्त में विपक्ष सड़कों पर उतर प्रदर्शन तो नहीं कर सकता है, लेकिन सोशल मीडिया पर लगातार तीखे तेवर दिखाई पड़ रहे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा उन पर निशाना साधे जाने को लेकर मंगलवार को पलटवार करते हुए सवाल किया कि क्या चीन के सैनिकों ने लद्दाख में भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘अगर रक्षा मंत्री का हाथ के निशान पर टिप्पणी करने का काम पूरा गया हो गया हो तो वह इसका जवाब दे सकते हैं कि क्या चीन के सैनिकों ने लद्दाख में भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है?’

इससे पहले, सोमवार को राहुल ने एक शेर के जरिए सीमा विवाद पर गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लिया था। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया था, सब को मालूम है ‘सीमा’ की हकीकत लेकिन, दिल के खुश रखने को, ‘शाह-यद’ ये ख्याल अच्छा है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने मौजूदा समय में देश की रक्षा नीति को वैश्विक स्वीकृति मिलने संबंधी गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर सोमवार को उन पर शायराना अंदाज में निशाना साधा था।

इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए ट्वीट किया, ‘मिर्ज़ा ग़ालिब का ही शेर थोड़ा अलग अन्दाज़ में है। ‘हाथ’ में दर्द हो तो दवा कीजै, ‘हाथ’ ही जब दर्द हो तो क्या कीजै।’ उल्लेखनीय है हाथ का पंजा कांग्रेस का चुनाव चिन्ह है।

Share With

मध्यप्रदेश