टेस्ट सीरीज खेलने इंग्लैंड पहुंची वेस्टइंडीज की टीम, 14 दिन रहेगी क्वारनटीन
लंदन। कप्तान जेसन होल्डर की अगुवाई में वेस्टइंडीज का 39 सदस्यीय क्रिकेट दल कोविड-19 के कारण बदली हुई परिस्थितियों में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए मंगलवार को मैनचेस्टर पहुंचा। कोरोना वायरस महामारी के कारण मार्च से ही दुनियाभर में क्रिकेट गतिविधियां ठप पड़ी हैं और वेस्टइंडीज इसके बाद किसी देश का दौरा करने वाली पहली टीम बन गई है।
इस सीरीज के दौरान तीनों मैच जैव सुरक्षित वातावरण में खेले जाएंगे और दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति नहीं होगी। वेस्टइंडीज से रवाना होने से पहले सभी खिलाड़ियों का कोविड-19 परीक्षण करवाया गया था, जिसमें सभी की रिपोर्ट ‘नेगेटिव’ आई थी। खिलाड़ियों को सोमवार को कैरेबियाई क्षेत्र के विभिन्न द्वीपों से दो विमानों से लाया गया और फिर वे विशेष विमान से इंग्लैंड के लिए रवाना हुए। कैरेबियाई टीम सात सप्ताह के इस दौरे में अभी ओल्ड ट्रैफर्ड में 14 दिन तक क्वारनटीन में रहेगी।
वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम:
जेसन होल्डर (कप्तान), जर्मेन ब्लैकवुड, नक्रुमा बोनर, क्रैग ब्रैथवेट, शमर ब्रूक्स, जॉन कैंपबेल, रोस्टन चेज, रकीम कॉर्नवाल, शेन डाउरिच, केमार होल्डर, शाई होप, अल्जारी जोसेफ, रेमन रीफर और केमार रोच।
रिजर्व खिलाड़ी:
सुनील अंबरीस, जोशुआ डासिल्वा, शैनन गेब्रियल, कीन हार्डिंग, काइल मेयर, प्रेस्टन मैकस्वीन, मार्क्विनो मिंडले, शाइनी मोसले, एंडरसन फिलिप, ओशेन थॉमस और जोमेल वार्रिकान।
