Sep 25 2026 / 9:38 AM

देश में 24 घंटे में कोरोना के 9,985 नए केस, 279 लोगों की मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन इस बीच एक अच्छी खबर यह है कि देश में कोरोना संक्रमित मरीजों के ठीक होने की संख्या मौजूदा सक्रिय मामलों से ज्यादा हैं। बुधवार सुबह केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड-19 के कुल 1,33,632 ऐक्टिव केस हैं। जबकि अबतक 1,35,206 मरीजों का इलाज कर उन्‍हें अस्‍पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। कोरोना के कुल मामलों की संख्‍या 2.76 लाख से ज्‍यादा हो गई है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 9,985 नए मामले सामने आए हैं। इसी दौरान देश में 279 कोविड मरीजों की मौत हो गई। बुधवार सुबह 9 बजे तक भारत में कोरोना के कुल 2,76,583 केस थे। कोविड-19 से मरने वालों की संख्‍या 7,745 तक पहुंच गई है। महाराष्‍ट्र देश का सबसे प्रभावित राज्‍य बना हुआ है जहां कोरोना केसेज की संख्‍या 90 हजार के पार जा चुकी है। राज्‍य में अबतक 3,289 मरीजों की मौत हुई है।

महाराष्‍ट्र से इतर देश के पांच और राज्‍य ऐसे हैं जहां कोरोना केसेज की संख्‍या 10 हजार से ज्‍यादा है। तमिलनाडु दूसरे नंबर पर हैं जहां 34,014 मामले सामने आ चुके हैं। यहां अबतक 307 लोगों की मौत हुई है। फिर देश की राजधानी दिल्‍ली है।

दिल्‍ली में 31,309 मामलों का पता चला है और 905 मरीजों की मौत हुई है। यहां 18.5 हजार से ज्‍यादा ऐक्टिव केस हैं। गुजरात में 21 हजार से ज्‍यादा मामले सामने आए हैं और अबतक 1,313 की मौत हो चुकी है। इसके अलावा उत्‍तर प्रदेश से कोरोना के 11,335 मामले और 301 मौतें तथा राजस्‍थान से 11245 मामले सामने आए हैं। राजस्‍थान में कोरोना से अबतक 255 लोगों की जान गई है।

Share With

मध्यप्रदेश