योगी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में करेगी बैंकिंग कोरेस्पोंडेंट सखियों की नियुक्ति
लखनऊ। योगी सरकार महिलाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार देने और बैंकिंग सुविधाओं को सशक्त करने के लिए बैंकिंग कोरेस्पोंडेंट सखी तैनात करेगी। सरकार 58 हजार बैंकिंग कोरेस्पोंडेंट सखियों के जरिये बैंकिंग सुविधाओं में लोगों की मदद मिलेगी। हर ग्राम पंचायत में बैंकिंग कोरेस्पोंडेंट सखी की तैनाती की जाएगी।
हर महीने वेतन के साथ कमीशन भी
बैंकिंग करेस्पॉन्डेंट सखी की नियुक्ति के बाद हर महीने चार हजार रुपये वेतन के तौर पर दिए जाएंगे। उन्हें वेतन के साथ-साथ कमीशन भी दिया जाएगा। बैंकिंग के लेनदेन वे जितने लोगों की मदद करेंगी, ये कमीशन उसी के मुताबिक होगा। प्रदेश के सभी 58000 ग्राम पंचायतों में बैंकिंग सखी की तैनाती की जाएगी।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत तैनाती
ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग और स्वयं सहायता समूहों के बीच सखी एक पुल की तरह काम करेगी और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत इनकी तैनाती होगी। 11 जून को बैंकिंग सखी चयन के लिए मोबाइल ऐप्लिकेशन जारी होगा और 11 जुलाई तक इच्छुक अभ्यर्थी ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ही बैंकिंग सखी की ब्रांडिंग करेगा। NIFT बैंकिंग सखी के लिए ड्रेस कोड तैयार कर रहा है।
