देश में 24 घंटे में कोरोना के 9,996 नए केस, 357 लोगों की मौत
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ रहा है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 9,996 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 357 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी अपडेट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के अंदर 9 हजार 996 नए मामले सामने आए हैं। देश में कुल मरीजों का आंकड़ा 2 लाख 86 हजार 579 हो गया है।
इस जानलेवा बीमारी की चपेट में आकर अब तक 8 हजार 102 लोगों की मौत हो गई है। राहत की बात है कि कोरोना से ठीक होने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। अब तक 1 लाख 41 हजार से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि देश में एक्टिव केस की संख्या 1 लाख 37 हजार 448 है।
अमेरिका, ब्राजील, रूस, स्पेन, ब्रिटेन के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में भारत छठे स्थान पर बना हुआ है। वहीं भारत में मामले बढ़ने की रफ्तार दुनिया में तीसरे नंबर पर बनी हुई है। अमेरिका और ब्राजील के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा मामले भारत में दर्ज किए जा रहे हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, देश में इस वक्त 1 लाख 37 हजार कोरोना के एक्टिव केस हैं। सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में 46 हजार से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर दिल्ली, तीसरे नंबर पर तमिलनाडु, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं।
एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का चौथा स्थान है। यानी कि भारत ऐसा चौथा देश है, जहां फिलहाल सबसे ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
