थोड़ा इंतजार कीजिए, पीओके खुद कहेगा कि हमें भारत के साथ रहना है: राजनाथ सिंह
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को वर्चुअल रैली से जम्मू-कश्मीर के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर की किस्मत बदलेगी। यहां का विकास हमारी प्राथमिकता है।
थोड़ा इंतजार कीजिए, जल्द ही पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से ही यह मांग होगी कि हम भारत के साथ रहना चाहते हैं। वे कहेंगे कि पाकिस्तान के बजाय भारत के साथ रहते तो अच्छा होगा। जिस दिन ऐसा होगा, हमारा संकल्प भी पूरा होगा।
उन्होंने कहा कि पहले कश्मीर में पाकिस्तान या आईएस का झंडा नजर आता था। भारत से आजादी के नारे लगते थे, लेकिन आज कश्मीर में सिर्फ तिरंगा नजर आता है। प्रधानमंत्री मोदी ने दुनियाभर में हमारी प्रतिष्ठा बढ़ाई है। एक दशक पहले तक हमारे साथ ही कुछ ही देश खड़े होते थे। अब स्थितियां बदली हैं। कुछ देशों को छोड़ दें तो हमें दुनिया के कई मुस्लिम देशों का समर्थन भी मिला है।
देश की विपक्षी पार्टियों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह कहा कि वे उन्हें भरोसा देना चाहते हैं कि लद्दाख विवाद के मुद्दे पर किसी को अंधेरे में नहीं रखा जाएगा और वक्त आने पर इसकी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
राजनाथ सिंह ने कहा, लोकतांत्रिक व्यवस्था में हम विपक्ष की अहमियत समझते हैं, हम उनका सम्मान करते हैं, हमारी सरकार किसी को अंधेरे में नहीं रखेगी, उचित समय पर जानकारी दी जाएगी। मैं भरोसा देता हूं कि किसी भी सूरत में भारत के राष्ट्रीय स्वाभिमान से समझौता नहीं करेंगे।
राजनाथ सिंह ने भारत-चीन सीमा विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, जो विवाद भारत और चीन के बीच पैदा हुआ है। उस पर मिलिट्री लेवल पर बातचीत चल रही है। चीन ने भी ये इच्छा जाहिर की है कि बातचीत के द्वारा इस मसले का हल निकाला जाना चाहिए।
भारत सरकार की भी कोशिश यही है कि सैन्य और डिप्लोमेटिक स्तर पर बातचीत के जरिए इसका समाधान निकाला जाए। राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की मर्यादा और प्रतिष्ठा को किसी भी हालत में झुकने नहीं दिया जाएगा।
