देव दीपावली पर काशी में उम़ड़े भक्त
वाराणसी के सबसे बड़े आयोजनों में शुमार हो चुका देव दीपावली का पर्व हर साल नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। इस साल काशी में भीड़ ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। अस्सी से राजघाट तक गंगा की ओर जाने वाली कोई भी गली, सड़क खाली नहीं थी। दोपहर में जहां 3:00 बजे दशाश्वमेध की ओर जाने के मार्ग बंद करने पड़े थे वही रात 8:00 बजते बजते घाटों की ओर जाने वाले सभी रास्तों से लोगों को लौटाया जाने लगा। राजघाट की ओर जाने वाले रास्तों पर हजारों की संख्या में लोग रात 8:00 बजे के बाद इस उम्मीद में खड़े रहे कि रास्ता खुलेगा और उन्हें जाने की छूट मिल जाएगी। कई कई किलोमीटर तक लोग पैदल ही परिवार वालों के साथ पहुंचते रहे।
शिवाला पर तीन से चार घंटे फंसे रहे लोग
भीड़ के कारण लोगों को दुर्व्यवस्था का सामना भी करना पड़ा। घाटों को जाने वाली गलियां शाम 6 बजे से लेकर देर रात तक जाम की चपेट में रहीं। दुर्व्यवस्था का आलम यह था कि सड़क तक निकलने वाली कुछ गलियों में कोई भी सुरक्षाकर्मी तक तैनात नहीं था। सबसे ज्यादा फजीहत महिलाओं, युवतियों, बच्चों व बुजुर्गों की हुई। शिवाला घाट व चेतसिंह घाट जाने वाले लोग 3 से 4 घण्टे तक जाम की चपेट में फंसे रहे। भीड़ का आलम यह था कि लोगों की जान सांसत में अटकी रही। साभार – हिन्दुस्तान
