Nov 26 2026 / 6:10 AM

छत्तीसगढ़ के कांकेर में गरजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बोले- बीजेपी सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने के लिए राजनीति करती है

रायपुर। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज शनिवार को छत्तीसगढ़ के कांकेर और बस्तर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी एक अद्भुत काल्पनिक क्षमता वाले व्यक्ति हैं। वह अपने लिए नहीं बल्कि देश के लिए जीते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी को चुनाव की नहीं बल्कि चुनाव के बाद देश के विकास के लिए क्या काम करना इस बात की चिंता है। उन्होंने अभी से ही इसके लिए प्लानिंग भी शुरू कर दी है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि बीजेपी हिंदुस्तान की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो केवल सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करती बल्कि देश बनाने के लिए राजनीति करती है। यही कारण है कि बीजेपी सरकार ने 10 साल में जो विकास हुआ वो कांग्रेस 70 साल में नहीं कर पाई। आज भी मैं आपसे सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि देश बनाने के लिए वोट मांगने आया हूं।

इससे पहले दंतेवाड़ा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस को घेरा। कई आरोप लगाये। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक हिंदुस्तान में राज किया। जब-जब कांग्रेस की सरकार आई तब-तब भ्रष्टाचार हुए। कभी कोल घोटाला, कभी राफेल घोटाला, खाद घोटाला हुए। घोटाले की बाढ़ आ गई, घोटाले पर घोटाले हुए। छत्तीसगढ़ में सब घोटाला छोड़कर गोबर और गोठान घोटाला हो गया।

आज तक किसी भी सरकार ने ऐसा घोटाला नहीं किया था। मवेशियों के चारे में भी घोटाला हुए। केंद्र की बीजेपी सरकार पर एक भी भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे हैं। भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए व्यवस्था में बदलाव करना होगा। कांग्रेस के बिहार के आरजेडी के एक नेता ने कहा था कि हम लोग प्रधानमंत्री होंगे तो पीएम मोदी को जेल में डाल देंगे, लेकिन उनके नेता खुद ही जेल में हैं। दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने वाली नहीं है। वो जनता की आंखों में धूल झोंक रहे हैं, लेकिन भाजपा आंखों में आंखें डालकर जनसमर्थन हासिल करती है।

रक्षामंत्री ने सीएम विष्णुदेव सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि वह शांतिपूर्ण तरीके से छत्तीसगढ़ में सरकार चला रहे हैं। यदि डबल इंजन की सरकार बनी रहेगी तो भारत के साथ ही छत्तीसगढ़ में तेजी से विकास होगा। पीएम मोदी के विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा। कोई गरीब शेष नहीं बचेंगे, सबको काम करने का अवसर मिले, ऐसे भारत का निर्माण होगा।

राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार में पहले हमारा भारत गरीब देश माना जाता था। गरीब देशों की कतार में था भारत की बातों को कोई तवज्जो नहीं देता था, लेकिन अब पीएम मोदी की सरकार में भारत की हैसियत इतनी बढ़ गई है कि आज दुनिया की नजरे भारत की तरफ है। आज पूरी दुनिया मोदी को देखती है। पहले कांग्रेस की सरकार दुनिया के देशों के पास अपनी शिकायत लेकर जाती थी लेकिन आज दो देशों में संघर्ष होता है तो बातचीत करने के लिए लोग भारत के पास आते हैं कि पीएम मोदी समाधान निकालें।

Share With

मध्यप्रदेश