Apr 24 2026 / 11:35 PM

दमदम की रैली में बोले पीएम मोदी- 4 मई के बाद टीएमसी के गुंडों को बंगाल में छिपने की जगह नहीं मिलेगी

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना की दमदम विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ये बंगाल में नई क्रांति की बेला है। ये क्रांति आपके एक वोट से होगी इसलिए मैं बंगाल की जनता से करबद्ध प्रार्थना करता हूं, आप हमें वोट रूपी आशीर्वाद दीजिए, हम मिलकर बंगाल को अनेक कष्टों से आजादी दिलाएंगे। आजादी टीएमसी के भय से, आजादी टीएमसी के भ्रष्टाचार से, आजादी टीएमसी के सिंडिकेट से, आजादी बेटियों पर अत्याचार से, आजादी पलायन की मजबूरी से, आजादी बेरोजगारी और बेकारी से, आजादी घुसपैठियों के कब्जे से। बंगाल का गौरव फिर से लौटाने के लिए, बंगाल को फिर से अवसरों की भूमि बनाने के लिए, ये आजादी बहुत जरूरी है।

पीएम मोदी ने कहा, 4 मई के नतीजों के बाद, टीएमसी के गुंडों को बंगाल में छिपने की जगह नहीं मिलेगी, कोई उन्हें बचाने वाला नहीं मिलेगा। पहले चरण के मतदान ने टीएमसी के ‘महाजंगल राज’ के अंत का उद्घोष कर दिया है। लंबे समय से बंगाल में परिवर्तन की जो लहर दिख रही थी, कल पहले चरण के मतदान ने उसपर मुहर लगा दी है। कल बीजेपी के पक्ष में जो समर्थन दिखा है, उसने बीजेपी की विजय का शंखनाद कर दिया है। जिस बंगाल में टीएमसी ने लोकतंत्र के मंदिर को कुचल दिया था, अपनी तानाशाही से लोकतंत्र के मंदिर को खंडित कर दिया था। उस बंगाल में पहले चरण में जनता ने लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण कर दिया है। अब दूसरे चरण में आपको इस लोकतंत्र के मंदिर पर विजय ध्वज फहराना है।

ममता बनर्जी की सरकार को निशाने पर लेते हुए पीएम मोदी ने कहा, पिछले 15 वर्षों में टीएमसी ने बंगाल को केवल लूटने का काम किया है। ऐसा कोई काम नहीं, जहां टीएमसी का करप्शन नहीं। बीजेपी का विश्वास है कि बेटी सशक्त होगी, तो समाज सशक्त होगा इसलिए हम हर योजना में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि बंगाल की हर बहन आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने लेकिन आपने देखा कि कुछ दिन पहले देश की संसद में टीएमसी और उसके साथियों ने महिला आरक्षण का विरोध किया। देश चाहता है कि राजनीति में बेटियों की भागीदारी बढ़े, लेकिन टीएमसी नहीं चाहती। बीजेपी चाहती है कि देश की नारी शक्ति सशक्त हो, लेकिन टीएमसी इसके विरोध में खड़ी हो गई है।

Share With

मध्यप्रदेश