भाजपा में शामिल हुए राघव चड्ढा समेत बागी सांसद, नितिन नवीन ने दिलाई सदस्यता, खिलाई मिठाई
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के भीतर भूचाल आया हुआ है। राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के बागी सांसद बीजेपी मुख्यालय पहुंचकर पार्टी अध्यक्ष बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर रहे हैं। राघव के साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद हैं। आप के इन बागी नेताओं ने आधिकारिक तौर पर बीजेपी ज्वाइन कर ली है। इस मौके पर नितिन नबीन ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई और मिठाई खिलाकर पार्टी में उनका स्वागत किया।
बता दें कि, राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी यानी आप छोड़ने का ऐलान कर दिया है। आप पार्टी छोड़ने के साथ ही राघव चड्ढा ने बीजेपी में शामिल करने का भी ऐलान किया है। राघव चड्ढा ने संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया। साथ ही राघव ने आप के दो तिहाई सांसद और दिल्ली में नेता विपक्ष भी बीजेपी में शामिल होने का दावा किया है। इनमें स्वाती मालिवाल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी, संदीप पाठक, राजेंद्र गुप्ता का नाम शामिल है।
संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा, हमने फैसला किया है कि हम, राज्यसभा में आप के 2/3 सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए खुद को बीजेपी में मिला लेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि आप को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए, अब अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिकता से भटक गई है। अब यह पार्टी देश के हित में नहीं, बल्कि अपने निजी फ़ायदे के लिए काम करती है। पिछले कुछ सालों से, मुझे यह महसूस हो रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी हूं। इसलिए, आज हम यह ऐलान करते हैं कि मैं आप से खुद को अलग कर रहा हूं और जनता के करीब जा रहा हूं।
आम आदमी पार्टी के पास राज्यसभा में कुल 10 सांसद थे, जिनमें 7 पंजाब और 3 दिल्ली से हैं। हालांकि, आज पार्टी को उस वक्त जबरदस्त झटका लगा, जब तीन प्रमुख सांसदों- राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पार्टी छोड़ दी और औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो गए। इन तीनों सांसदों ने अपने इस्तीफे के साथ ही यह दावा किया है कि राज्यसभा में पार्टी के दो-तिहाई से ज्यादा सांसद अब उनके (बीजेपी) साथ हैं।
