May 13 2026 / 10:56 PM

NEET पेपर लीक मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। सीबीआई ने NEET UG-2026 परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही देशभर में कई ठिकानों पर छापेमारी भी की गई है। 3 आरोपी जयपुर से, 1 गुरुग्राम से और 1 आरोपी को नासिक से गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई ने 12 मई 2026 को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में NEET UG-2026 परीक्षा के संचालन में अनियमितता और पेपर लीक के आरोप लगाए गए थे। एफआईआर में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और पब्लिक एग्जामिनेशन (अनफेयर मीन्स प्रिवेंशन) एक्ट 2024 की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।

अब तक सीबीआई ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 आरोपी जयपुर से, 1 गुरुग्राम से और 1 नासिक से पकड़ा गया है। इसके अलावा कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसी ने देशभर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान भी चलाया। छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

सीबीआई इस मामले में राजस्थान एसओजी के साथ भी कोआर्डिनेट कर रही है, जिसने शुरुआती जांच की थी। एजेंसी तकनीकी और फॉरेंसिक विश्लेषण के जरिए पेपर लीक से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीबीआई का कहना है कि मामले की निष्पक्ष, व्यापक और पेशेवर तरीके से जांच जारी रहेगी।

वहीं इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी दिनेश ने 10 बच्चों को गेस पेपर बेचा था और उनसे कैश में पैसा लिया था। साथ ही दिनेश ने यह भी बताया कि उसने गुरुग्राम के यश से गेस पेपर लिया था। दिनेश बिवाल जयपुर ग्रामीण बीजेपी युवा मोर्चा का जिला मंत्री है। साथ ही सीबीआई ने जयपुर जिले जमवा रामगढ़ कस्बे से दो भाईयों को गिरफ्तार किया है।

Share With

मध्यप्रदेश