Sep 12 2026 / 11:57 PM

ब्रिक्स बिजनेस फोरम में बोले पीएम मोदी- चार से 21 देशों का परिवार बना BRICS

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान समेत कई अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों की उपस्थिति में ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधित किया। आज जब दुनिया में ट्रेड बैरियर्स बढ़ रहे हैं, तो भारत इकोनॉमिक ब्रिज बना रहा है।

2014 के बाद से हमने दुनिया के करीब 40 देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स किए हैं। BRICS में भी हमारा दृष्टिकोण यही है कि अवरोधों को कम करना और व्यापार के लिए अवसर बढ़ाना, इसलिए हमारी अध्यक्षता में हमने कृषि, स्वास्थ्य, स्किल और स्मार्ट ग्रिड जैसे क्षेत्रों में नए को-ऑपरेशन का गठन किया है।

पीएम मोदी कहा कि भारत की BRICS अध्यक्षता की थीम है, Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability। पिछले 12 वर्षों में भारत ने इस मंत्र को अपनी इकोनॉमिक और ट्रेड पॉलिसिज का आधार बनाया है।

लचीलेपन की बात करें तो भारत ने एनर्जी से लेकर टेक्नोलॉजी तक सप्लाई चेन को और अधिक डायवर्सिफाइड और रिलायबल बनाया है। इसी का परिणाम है, वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी भारत आज ग्रोथ और स्टेबिलिटी का भरोसा दे रहा है। हम तेजी से सड़कों, रेलवे, बंदरगाहों और हवाई अड्डों का विस्तार कर रहे हैं।

साथ ही, हम रणनीतिक क्षेत्रों जैसे कि जहाज निर्माण, सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, महत्वपूर्ण खनिजों और बायोटेक जैसे क्षेत्रों में नई क्षमताएं विकसित कर रहे हैं। इन क्षेत्रों में भारत ग्लोबल बिजनेस (वैश्विक व्यापार) के लिए नए अवसरों का केंद्र बन रहा है।

पीएम मोदी ने कहा, ब्रिक्स देश वैश्विक नवाचारों और समाधानों के महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे हैं। जमीनी स्तर की पहलों से लेकर अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी तक, हमारे देशों में इनोवेशन की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं। ब्रिक्स की बढ़ती ग्रोथ, दायरा, रफ़्तार और उम्मीद साफ तौर पर दिखाई दे रही है। भारत में आयोजित ये फोरम अब तक का सबसे बड़ा ब्रिक्स बिज़नेस फोरम है।

2006 में जब BRICS समूह की शुरुआत हुई थी तो इसमें केवल चार देश थे। आज BRICS और BRICS पार्टनर्स मिलाकर 21 देशों का हमारा परिवार है। आज BRICS के देश, विश्व की 50 फीसदी पॉपुलेशन, 40 फीसदी जीडीपी और 25 फीसदी से अधिक ट्रेड को रिप्रेजेंट करते हैं।

इतना ही नहीं, इन वर्षों में जहां ग्लोबल जीडीपी करीब 1.5 गुना हुई है, वहीं BRICS देशों की कंबाइन जीडीपी करीब 4.5 गुना हुई है। यानी BRICS की इकोनॉमिक स्ट्रेंथ दुनिया की तुलना में करीब दोगुनी रफ्तार से बढ़ी है।

Share With

मध्यप्रदेश