पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस की चार बोगियों में लगी आग
नई दिल्ली। पंजाब में पटियाला जिले में स्थित राजपुरा के पास आज कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक आग लग गई। सराय बंजारा स्टेशन के पास यह घटना हुई। ट्रेन की चार बोगियां धूं-धूंकर जल गईं। यह ट्रेन अमृतसर से पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जा रही थी।
आग लगने के बाद ट्रेन में सवार यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन को रोककर यात्रियों को बाहर निकाला गया। दमकलकर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। फिलहाल रेस्क्यू का काम चल रहा है। बड़ी संख्या में आसपास के क्षेत्रीय नागरिकों की भीड़ भी घटनास्थल पर जुट रही है।
अंबाला डिवीजन के सीनियर DCM यशंजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं। अभी हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि यात्री सुरक्षित अपनी मंजिल तक पहुंचें। इसके लिए हमने एक वैकल्पिक ट्रेन का इंतजाम किया है।
DCM सिंह हमने यात्रियों से पास के ही एक स्टेशन, जो लगभग 500 मीटर दूर है, वहां पर पहुंचने का अनुरोध किया है, जहां से हम उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था करेंगे। हमें किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। अभी हमारा मुख्य ध्यान इस बात पर है कि यात्री सुरक्षित अपने घर पहुंचें, और इसके लिए हमने वैकल्पिक इंतजाम कर लिए हैं।
