Sep 22 2026 / 4:30 PM

दिल्ली चुनाव: आप ने जारी किया घोषणापत्र, हर घर राशन पहुंचाने का वादा

नई दिल्ली। वोटिंग से ठीक चार दिन पहले आम आदमी पार्टी ने घोणषापत्र जारी किया है। इस घोषणापत्र में आप पार्टी ने अगले पांच साल के लिए विजन पेश किया है। इस घोषणापत्र में आप ने जनलोकपाल और स्वराज बिल लाने का वादा किया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस घोषणापत्र के जरिए दिल्ली को आधुनिक दिल्ली बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे। आप ने वादा किया कि दिल्ली सरकार द्वारा स्कूलों में शुरू की गई हैपिनेस करिकुलम और एंटरप्रेन्योरशिप करिकुलम की सफलता के बाद देशभक्ति पाठ्यक्रम भी लाया जाएगा।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, जनतंत्र में जरूरी है बहस। जनता को जानना चाहिए कि हम क्या वादे कर रहे हैं और वो क्या वादे कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि भाजपा अपना सीएम कैंडिडेट तय करें। ताकि मैं उससे ठीक तरह से बहस कर सकूं।

केजरीवाल ने कहा- बहस में दो एंकर होने चाहिए। यह जनता के सामने होनी चाहिए। अगर जनता को यह नहीं पता कि उनका सीएम फेस कौन है तो वो वोट किसे देंगे। जनतंत्र में सीएम जनता तय करती है। अमित शाह इसका फैसला नहीं करेंगे। अमित शाह कह रहे हैं कि दिल्ली की जनता उन्हें ब्लैंक चेक दे दे, बाद में वो सीएम का फैसला करेंगे।

केजरीवाल बोले कि दिल्ली में मैं कह चुका हूं कि आप को दिया एक-एक वोट केजरीवाल के पास जाएगा। लेकिन, भाजपा के पास चेहरा नहीं है तो उनको दिया वोट किसके पास जाएगा। असल में उनका वोट गड्ढे में जाएगा। हम उन्हें 1 बजे तक का समय देते हैं। अगर वे 1 बजे तक सीएम कैंडिडेट घोषित कर देते हैं तो मैं बहस के लिए तैयार हूं। बहस की मोडैलिटीज पर बाद में चर्चा करेंगे। हम कल दोपहर 1 बजे मिलेंगे।

डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया ने कहा कि दिल्ली में पायलट प्रॉजेक्ट के तहत कुछ ऐसे बाजार विकसित किए जाएंगे जो 24 घंटे खुले रहेंगे। दिल्ली को इकनॉमिक हब बनाने की दिशा में हम तेजी से काम करेंगे। महिला रोजगार को लेकर उन्होंने कहा कि बहुत सी महिलाएं हैं जिनके पास स्किल का अभाव नहीं है, लेकिन कुछ मजबूरी की वजह से वह जॉब नहीं कर पाती हैं। हमारी सरकार उन महिलाओं को अलग-अलग तरह की नौकरी देगी।

कांग्रेस और भाजपा पहले ही घोषणापत्र जारी कर चुकी हैं। दिल्ली में 8 फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को नतीजे आएंगे।

Share With

मध्यप्रदेश