Sep 23 2026 / 10:22 PM

निर्भया केस: राष्ट्रपति ने खारिज की दोषी पवन गुप्ता की दया याचिका, कल होगी फांसी?

नई दिल्ली। निर्भया गैंगरेप और मर्डर केस के दोषी पवन गुप्ता की दया याचिका राष्ट्रपति ने खारिज कर दी है। वहीं दोषियों की डेथ वारंट पर रोक लगाए जाने की मांग करने वाली याचिका को पटियाला हाउस कोर्ट ने खारिज कर दिया। इसके साथ ही अब तीन मार्च को दोषियों को होने वाली फांसी लगभग तय हो गई है।

पवन की दया याचिका खारिज होने के बाद निर्भया के चारों गुनहगारों के सभी कानूनी विकल्प खत्म हो गए हैं। ऐसे में अब सबकी निगाहें पटियाला हाउस कोर्ट पर हैं जिसे यह फैसला लेना है कि पवन की दया याचिका खारिज हो जाने के बाद उसे दिया जाने वाला 14 दिन का समय देना है या नहीं।

अगर पटियाला हाउस कोर्ट पवन को 14 दिन का समय देती है तो सभी दोषियों की फांसी कम से कम 5 मार्च तक तो रुक ही जाएंगी। ऐसा इसलिए क्योंकि केंद्र द्वारा दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 5 मार्च को सुनवाई होनी है। इस याचिका में यह अनुरोध किया गया है कि दोषियों को अलग-अलग फांसी दी जाए।

अगर सुप्रीम कोर्ट यह आदेश दे कि दोषियों को अलग-अलग फांसी होगी तो पटियाला हाउस कोर्ट जिस तारीख का डेथ वारंट जारी करेगी पवन के सिवाय अन्य दोषियों को उस तारीख पर फांसी हो जाएगी और पवन को 14 दिन बाद होगी।

अगर पटियाला हाउस कोर्ट पवन को 14 दिन का समय नहीं देती तो सभी दोषियों को तीन मार्च को फांसी होना तय है। वैसे ये भी कहा जा रहा है कि दोषी पटियाला हाउस कोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जा सकते हैं।

निर्भया की मां को भी पूरा यकीन है बेटी के गुनहगारों के जीवन में कल आखिरी सूरज उगेगा। वह कहती हैं, कल फांसी होगी। मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं। निर्भया की मां ने कहा कि दोषियों ने कोर्ट का समय खराब किया है। उन्होंने कहा, दोषियों ने सिस्टम को गुमराह किया है।

निर्भया की मां ने दोषियों के वकील एपी सिंह पर भी हमला बोला और कहा कि जो कानून का रखवाला है, वही गैर कानूनी काम कर रहा है। उन्होंने कहा, हमें न्याय व्यवस्था पर शुरू से ही भरोसा था। बाद में भले ही कुछ दिक्कतें आईं लेकिन हम डगमगाए नहीं। अब दोषियों को फांसी मिलेगी।

Share With

मध्यप्रदेश