कोरोना पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते संक्रमित लोगों की संख्या भारत में लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं, अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानि 19 मार्च को देश को संबोधित करने वाले हैं। इस दौरान पीएम मोदी कोरोना वायरस के कारण बिगड़ते हालात और इससे निपटने के लिए उठाए गए कदमों, सरकार की तैयारियों को लेकर बात कर सकते हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी कोविड-19 से संबंधित मुद्दों और इससे निपटने के प्रयासों के बारे में बात करेंगे। पीएम मोदी का यह संबोधन आज रात 8 बजे होगा, इससे पहले पीएम मोदी ने तेजी से बढ़ते कोरोना वायरस से उपजे हालात की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की। जिसमें पीएम मोदी ने बैठक में कोरोना वायरस से निपटने के लिए तैयारियों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस के खतरे से लड़ने के लिए तंत्र को और चाक-चौबंद करने में व्यक्तियों, स्थानीय समुदायों और संगठनों की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों से अगले कदम को लेकर विचार करने का भी आग्रह किया।
वहीं पीएम मोदी ने राज्य सरकारों, मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ, सेना और अर्धसैनिक बलों के साथ ही उड्डयन क्षेत्र, म्यूनिसिपल स्टाफ समेत उन सभी का धन्यवाद किया, जो कोरोना का मुकाबला करने में जुटे हैं। हालांकि, प्रशासन ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गौतम बुद्ध नगर जिले में धारा 144 लागू कर दी है। नोएडा में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऐसा किया गया है।
पुलिस आयुक्त ने एडवाइजरी जारी करते हुए विदेश यात्रा की सूचना अनिवार्य रूप से पुलिस को देने के लिए कहा है। ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
