निर्भया केस: चारों दोषियों की फांसी पर बोले पीएम मोदी- न्याय हुआ है…
नई दिल्ली। निर्भया गैंगरेप और मर्डर मामले के चारों दोषियों को आज शुक्रवार को सुबह ठीक 5.30 बजे तिहाड़ जेल में फांसी दे दी गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दोषियों को मिली सजा के बाद ट्वीट करते हुए कहा कि न्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इसका अत्यधिक महत्व है। हमारी नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हमें मिलकर एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना है, जहां महिला सशक्तीकरण पर ध्यान दिया जाए, जहां समानता और अवसर पर जोर हो।
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रण लें कि निर्भया जैसा दूसरा मामला ना हो। मुख्यमंत्री ने कहा, सात साल बाद, निर्भया के दोषियों को फांसी दी गई। आज एक ऐसा दिन है, जब प्रण लेने की जरूरत है कि अब कोई दूसरी निर्भया न बनें। पुलिस, कोर्ट, राज्य सरकार, केंद्रीय सरकार-सभी यह मिलकर प्रण लें कि हम सिस्टम की खामियों को दूर करेंगे और किसी भी बेटी के साथ ऐसा नहीं होने देंगे।
गौरतलब है कि 16 दिसंबर 2012 में दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में चलती बस में 23 वर्षीय पैरा-मेडिकल छात्रा के साथ छह लोगों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए सामूहिक दुष्कर्म किया था। बुरी तरह घायल छात्रा को सड़क किनारे फेंक दिया गया था। कई दिनों तक चले इलाज के बाद छात्रा की सिंगापुर में मौत हो गई थी।
इस घटना के बाद राजधानी दिल्ली समेत देशभर में व्यापक प्रदर्शन हुए थे। दुष्कर्म के दोषियों में से एक नाबालिग था जिसे तीन साल की सजा के बाद बाल सुधार गृह से 2015 में रिहा कर दिया गया तथा एक आरोपी राम सिंह ने 2013 में तिहाड़ जेल में खुदकुशी कर ली थी। शेष चार दोषियों को आज तड़के तिहाड़ जेल में फांसी दे दी गयी।
