Sep 23 2026 / 10:23 PM

कोरोना संकट से निपटने के लिए तैयार भारतीय सेना

नई दिल्ली। देश पर आए कोरोना वायरस के महासंकट से निपटने के लिए हर कोई अपनी ओर से कोशिश कर रहा है। केंद्र से लेकर राज्य सरकारें सख्त फैसले ले रही हैं, तो वहीं भारतीय सेना भी हर चुनौती से निपटने को पूरी तरह से तैयार है। भारतीय सेना ने कोरोना के खिलाफ ‘ऑपरेशन नमस्ते’ छेड़ दिया है।

आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने ऑपरेशन नमस्ते के बारे में बताते हुए कहा, छुट्टी पर पाबंदी लगाई गई है। 2001 में ऑपरेशन पराक्रम के दौरान 8-10 महीने में कोई छुट्टी पर नहीं गया था। पराक्रम में भी हम विजयी निकले हैं, ऑपरेशन नमस्ते में भी कामयाब रहेंगे।

आर्मी चीफ के मुताबिक भारतीय सेना की आंतरिक खूबी है कि हम अपने सांगठनिक ढांचे और ट्रेनिंग की बदौलत तरह-तरह की आपातकालीन परिस्थितियों से उबल जाते हैं। हम कोविड-19 से निपटने में भी अपनी इसी क्षमता का इस्तेमाल करेंगे।

उन्होंने कहा, कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सरकार और सामान्य प्रशासन की मदद करना हमारा दायित्व है। बतौर आर्मी चीफ सैन्य बलों को चुस्त-दुरुस्त रखना मेरी जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा, देश की रक्षा के लिए हमें खुद को सेफ और फिट रखना काफी महत्वपूर्ण है। इसे ध्यान में रखते हुए हमने पिछले कुछ हफ्तों में 2-3 अडवाइजरी जारी की है।

आर्मी चीफ ने बताया कि सेना अलग-अलग स्तर पर कोरोना से निपटने की तैयारी कर रही है। इसमें सर्विलांस और आइसोलेशन की प्रोडक्टविटी को बढ़ाना, अलग-अलग बेस पर मौजूद सेना के अस्पतालों में 45 बेड का एक आइसोलेशन वार्ड तैयार करना और इसके साथ ही 10 बेड का एक आईसीयू वार्ड भी तैयार करना। ये सुविधा बस 6 घंटे के नोटिस पर तैयार की जा सकती है।

आर्मी चीफ ने माना कि अभी ये कहना काफी मुश्किल है कि आगे किस तरह के हालात बनते हैं, लेकिन सेना और देश किसी भी तरह की चुनौती से निपटने को तैयार है। इसको लेकर पिछले 2-3 महीने में सेना में अलग-अलग स्तर पर ट्रेनिंग भी दी जा रही है। वह रोजाना इसका रिव्यू भी कर रहे हैं। आर्मी चीफ एम.एम. नरवाणे ने माना कि भारत में अगले हफ्ते काफी अहम हैं।

Share With

मध्यप्रदेश