Sep 18 2026 / 11:01 PM

सौरव गांगुली जैसा समर्थन धोनी और कोहली से नहीं मिला: युवराज

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने हाल ही में खुलासा किया कि उन्हें महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली से एक कप्तान के तौर पर वह समर्थन नहीं मिला जो सौरव गांगुली ने उन्हें दिया था। युवराज सिंह ने चैंपियंस ट्रॉफी 2020 के दौरान सौरव गांगुली की कप्तानी में अपना डेब्यू किया था।

इसके अलावा युवराज सिंह, राहुल द्रविड़, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, एमएस धोनी और विराट कोहली की कप्तानी में भी खेल चुके हैं। हालांकि अपने करियर का सबसे अधिक समय उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ही बिताया हैं।

मैं सौरव गांगुली की कप्तानी में खेल चुका हैं और उनसे मुझे बहुत समर्थन मिला। फिर माही (धोनी) ने कमान संभाली। सौरव और माही के बीच चुनना मुश्किल हैं। मेरी सौरव गांगुली के साथ अधिक यादें हैं क्योंकि उनसे मुझे ज्यादा समर्थन मिला था। मुझे उस तरह का समर्थन माही या विराट से नहीं मिला, युवराज ने स्पोर्टस्टार से बात करते हुए कहा।

युवराज सिंह ने चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के दौरान विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम में वापसी की थी। हालांकि इस दौरान उनका प्रदर्शन इतना बेहतर नहीं रहा, जिसके कारण एक बार फिर से उन्हें भारतीय टीम से बाहर बैठना पड़ा, जिसके बाद युवराज सिंह ने 10 जून 2019 को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया।

टीम इंडिया को 2011 का विश्व कप जिताने वाले युवराज सिंह ने देश में लागू लॉकडाउन को लेकर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा, इसके फायदे और नुकसान दोनों हैं. ये देखना दुखद है कि कोरोना वायरस के चलते दुनियाभर में लोगों की जान जा रही है। ये तेजी से फैल रहा है। जब मुझे कैंसर था, तब शुरुआत में मैं भी बहुत डर गया था, लेकिन फिर मुझे इस बारे में सही जानकारी मिली। मैं सही अस्पताल में सही डॉक्टर के पास गया। इसलिए बीमारी को समझना बहुत जरूरी है।

युवराज सिंह ने भारत के लिए 304 वनडे खेले हैं, जिनमें से उन्होंने 110 सौरव गांगुली की कप्तानी में खेले। इसके बाद 104 मैच उन्होंने धोनी की कप्तानी में खेले। दिलचस्प बात है कि इन 104 मैचों में उन्होंने 37 की औसत से 3077 रन बनाए, जबकि गांगुली की कप्तानी में खेले गए 110 वनडे में युवी ने 30 की औसत से 2640 रन बनाए।

Share With

मध्यप्रदेश