Sep 23 2026 / 10:24 PM

भाजपा स्थापना दिवस पर बोले पीएम मोदी- मैं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि एकजुट होकर भारत को कोविड-19 से मुक्त करें

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज अपना 40वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया है कि वह कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में जरुरतमंद लोगों की मदद करें।

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी है। बता दें कि 1980 में भाजपा की नींव पड़ी थी।

पीएम मोदी ने इस मौके पर ट्वीट करते हुए लिखा कि, भाजपा के स्थापना दिवस पर भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। इस अवसर पर उन सबको मेरी विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने अपने खून-पसीने से पार्टी को सींचा। उनकी वजह से ही भाजपा को आज देशभर में करोड़ों भारतीयों की सेवा करने का अवसर मिला है।

पीएम मोदी ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा कि भाजपा का 40वां स्थापना दिवस ऐसे समय में आया है, जब देश कोविड-19 से लड़ रहा है। मैं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के दिशानिर्देशों का पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ जरूरतमंदों की मदद करें। एकजुट होकर भारत को कोविड-19 से मुक्त करें।

पार्टी अध्यक्ष नड्डा ने ट्वीट कर लिखा, भाजपा के 40वें स्थापना दिवस पर मैं सभी कार्यकर्ताओं से कोविड-19 के विरुद्ध लड़ाई में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जरूरतमंद लोगों की मदद करने और हमारे स्वास्थ्य के लिए 24×7 काम करने वालों का उत्साहवर्धन व आभार प्रकट करने का अनुरोध करता हूं।

गृह मंत्री शाह ने ट्वीट किया, भारत के लोकतंत्र की सच्ची वाहक भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की समस्त कार्यकर्ताओं व देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। अपनी राष्ट्रवादी विचारधारा और सिद्धांतों से भाजपा ने सदैव राष्ट्रहित के लिए अपना सर्वस्व अर्पण किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भाजपा भारत की गौरवशाली संस्कृति के अनुरूप देश के पुनर्निर्माण और गरीब कल्याण की कल्पना को साकार कर रही है। हमें गर्व है कि आज इस विषम परिस्थिति में भाजपा का हर कार्यकर्ता कोरोना के विरुद्ध इस लड़ाई में मोदीजी के हाथ मजबूत कर रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए लिखा, अपनी स्थापना के 40 वर्षों में ही भाजपा न केवल भारतीय लोकतंत्र का सबसे बड़ा और सबसे मजबूत स्तंभ बन चुकी है बल्कि जनता के विश्वास का केंद्र भी बन चुकी है। इसका श्रेय पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं और सशक्त नेतृत्व को जाता है। भाजपा के स्थापना दिवस की सभी कार्यकर्ताओं को बधाई। आज भाजपा का नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा के हाथों में है जो देश और दल दोनों को मजबूत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में इस समय भारत कोरोना वायरस के विरुद्ध एक जंग लड़ रहा है। देश प्रधानमंत्रीजी के साथ खड़ा है और उन पर गर्व कर रहा है।

Share With

मध्यप्रदेश