Sep 18 2026 / 11:45 PM

जोस बटलर ने विश्व कप फाइनल में पहनी जर्सी को किया नीलाम, जुटाये 60 लाख रुपये

लंदन। कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में मदद के लिए इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने पिछले साल विश्व कप फाइनल में पहनी गई जर्सी को नीलाम कर दिया है। इस जर्सी की नीलामी से बटलर ने लिए 65,000 पाउंड (लगभग 60 लाख रुपये) से अधिक की धनराशि जुटाई है।

बटलर ने यह जर्सी पिछले साल लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल के दौरान पहनी थी। उन्होंने यह धनराशि लंदन के रॉयल ब्राम्पटन एवं हर्टफील्ड अस्पताल के लिए जुटाई है। इस मैच की आखिरी गेंद पर रन आउट करने और मैच में पहले अर्धशतक जड़ने वाले जोस बटलर ने एक सप्ताह पहले ईबे पर यह जर्सी नीलामी के लिए रखी थी।

इसकी नीलामी जब मंगलवार को बंद की गई तो तब तक इसके लिए 82 बोलियां लगी थी, जिसमें विजेता को 65,100 पाउंड का भुगतान करना होगा। बता दें कि लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ निर्णायक सुपरओवर में बटलर ने गिल्लियां उड़ाकर जीत हासिल की थी। यह इंग्लैंड का पहला विश्व कप खिताब था। अब बटलर ने अपनी उसी फाइनल मैच की वनडे जर्सी को इंग्लैंड के क्रिकेट इतिहास में जगह दिला दी है।

Share With

मध्यप्रदेश