आज पीएम मोदी मुख्यमंत्रियों के साथ करेंगे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, लॉकडाउन पर लिया जाएगा फैसला
नई दिल्ली। लॉकडाउन को बढ़ाने या हटाने को लेकर कई दिनों से कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन अब इसकी तस्वीर आज शायद साफ हो जाए क्योंकि पीएम मोदी आज राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक बैठक करने वाले हैं, जिसमें राज्यों का हालात देखते हुए फैसला लिया जाएगा। कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू 21 दिन के देशव्यापी लॉकडाउन की अवधि 14 अप्रैल को खत्म हो रही है।
अभी तक 9 राज्य लॉकडाउन बढ़ाने की मांग केंद्र सरकार से कर चुके हैं। माना जा रहा है कि देशभर में लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाया जा सकता है। मंगलवार यानी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना को लेकर चौथी बार देश को संबोधित कर सकते हैं। मोदी ने 24 मार्च को अपने दूसरे संबोधन में 21 दिन के लॉकडाउन का ऐलान किया था।
हालांकि आज की मीटिंग से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाई गई बुधवार सर्वदलीय बैठक में लॉकडाउन बढ़ाए जाने के संकेत मिल चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा था कि कोरोना वायरस के खिलाफ लंबी लड़ाई है। सभी की जिंदगी बचाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश में स्थिति ‘सामाजिक आपातकाल’ के समान है। इसके लिए कड़े फैसलों की जरूरत है और हमें निरंतर सतर्क रहना चाहिए।
