Sep 18 2026 / 11:45 PM

धोनी पर जल्दी रिटायरमेंट लेने का दबाव मत बनाइए: नासिर हुसैन

मुंबई। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और कॉमेंटेटर नासिर हुसैन ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर कहा कि धोनी पर संन्यास लेने का दबाव नहीं बनाना चाहिए। क्योंकि अगर धोनी एक बार चले गए तो आप उन्हें दोबारा टीम में शामिल नहीं कर सकते।

उन्होंने एक स्पोर्ट्स चैनल के शो में कहा, क्या महेंद्र सिंह धोनी भारतीय टीम में जगह के हकदार हैं? यह सीधी सी बात है। यह नियम हर किसी पर लागू होता है। जितना मैंने धोनी को देखा है, मुझे लगता है कि वह अभी भारतीय क्रिकेट को काफी कुछ दे सकते हैं। हां, एक-दो ऐसे मामले हुए हैं, जब लक्ष्य का पीछा करने के मामले में उनसे गलती हुई, जैसे कि इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप का मुकाबला। लेकिन कुल मिलाकर देखें तो धोनी अब भी बहुत प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं।

उन्होंने कहा, और इस बात का ख्याल रखें कि एक बार अगर वह चले गए तो आप उन्हें दोबारा टीम में शामिल नहीं कर सकते। धोनी ऐसे खिलाड़ी हैं जो एक पीढ़ी में एक बार आते हैं। उन पर जल्दी रिटायरमेंट लेने का दबाव मत बनाइए। सिर्फ धोनी अपनी मानसिक स्थिति जानते हैं और अंत में फैसला सिलेक्टर्स को करना है।

Share With

मध्यप्रदेश