Sep 23 2026 / 10:24 PM

पंजाब: तलवारों से पुलिस टीम पर हमला, एएसआई का काटा हाथ, 9 गिरफ्तार

चंडीगढ़। पंजाब के पटियाला में रविवार की सुबह निहंगों ने नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों पर हमला करते हुए एक एएसआई का तलवार से हाथ काट दिया। निहंगों ने हमला तब किया जब पुलिस न उन्हें सब्जी मंडी में घुसने से रोका। हमले में मंडी अधिकारी व तीन अन्य पुलिस कर्मी घायल हो गए।

पटियाला में सनौर रोड पर बनी बड़ी सब्जी मंडी के बाहर मेन गेट पर पुलिस द्वारा नाकाबंदी की गई थी। रविवार सुबह करीब 6 बजे एक गाड़ी आई जिसे निहंग सिंह चला रहा था। सब्जी मंडी के बाहर नाके पर तैनात एएसआई हरजीत सिंह ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया लेकिन कथित निहंग बैरिकेड तोड़कर आगे निकल गए। पुलिस अधिकारी हरजीत सिंह, थाना प्रभारी बिककर सिंह ने आगे जाकर गाड़ी रुकवाई ओर कथित निहंगों से कर्फ्यू पास मांगा।

गाड़ी चला रहे निहंग ने पास दिखाने की बजाय बाहर निकलकर तलवार से एएसआई हरजीत सिंह का हाथ काट दिया। हमले में बीच बचाव करते हुए थाना प्रभारी बिककर सिंह तथा दो अन्य पुलिस कर्मचारी व मंडी अधिकारी घायल हो गए। जख्मी एएसआई को पटियाला से पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया है। हमले में थाना इंचार्ज बिक्कर सिंह और एक अन्य जवान भी जख्मी हुआ है। इस मामले में अब तक 9 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि एक गाड़ी में 5 निहंग सब्जी मंडी पहुंचे थे। यहां मंडी स्टाफ ने इनकी गाड़ी रोककर कर्फ्यू पास के बारे में पूछा था, ताकि मंडी में बेवजह भीड़ न हो। पास न होने पर इन लोगों ने सब्जी मंडी के स्टाफ से झगड़ा किया और अपनी गाड़ी से बैरिकेड तोड़कर भागने की कोशिश की। इसके बाद वहां तैनात पुलिस ने निहंगों की गाड़ी को घेर लिया। जैसे ही पुलिस ने गाड़ी रोकी, तलवार लिए निहंगों ने हमला कर दिया। इसी हमले में एएसआई की कलाई कट गई।

निहंग बलबेड़ा क्षेत्र के गुरुद्वारा खिचड़ी साहब के थे। घटना के बाद वे गुरुद्वारे में छिप गए। पुलिस अधिकारी भी पीछा करते हुए गुरुद्वारा खिचड़ी साहब पहुंचे। पटियाला जोन के आईजी जतिंदर सिंह ने निहंगों को सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन वे गुरुद्वारे के अंदर से पुलिस को धमकियां देने लगे। उन्होंने अंदर से गोलीबारी भी की। बाद में कमांडो टीम को गुरुद्वारे के अंदर भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, डेरे में बलविंदर सिंह के अलावा उसका बेटा, पत्नी और समर्थक रहते हैं। गुरुद्वारे में कमांडो ऑपरेशन के दौरान डेरे के प्रमुख बलविंदर सिंह को गोली लगी है। गुरुद्वारे में दो महिलाएं भी मौजूद थीं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करती, उससे पहले ही दोनों महिलाएं पाठ करने लगीं। महिला का पाठ जैसे ही खत्म हुआ, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

गुरुद्वारे के अंदर से पुलिस ने देसी पिस्तौल, कृपाण, पेट्रोल, भांग की 7 बोरियां और भारी मात्रा में केमिकल जैसा तरल पदार्थ बरामद किया है। एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे हथियारों के अलावा कैश भी बरामद हुआ है। कैश की गिनती की जा रही है। अब तक 35 लाख रुपए कैश की गिनती हो चुकी है।

Share With

मध्यप्रदेश