पीएम मोदी आज सुबह 10 बजे देश को संबोधित करेंगे, लॉकडाउन बढ़ाने का करेंगे ऐलान
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10 बजे देश को संबोधित करेंगे। 25 मार्च को लागू हुए देशव्यापी लॉकडाउन का आज आखिरी दिन है। पिछले 26 दिन में मोदी का देश के नाम यह चौथा संदेश होगा। माना जा रहा है कि वे 30 अप्रैल तक देशभर में लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान करेंगे। हालांकि इस बार लॉकडाउन कुछ अलग होगा। सरकार जरूरी चीजों को लेकर राहत दे सकती है।
बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शनिवार को हुई मुख्यमंत्रियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक के बाद सरकार की ओर से यह जानकारी दी गई। बैठक में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि अब आमजन का स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के साथ देश की समृद्धि पर ध्यान केंद्रित करें। मोदी ने इस बैठक में मुख्यमंत्रियों से कहा कि ध्यान अब ‘जान भी, जहान भी’ पर होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत के ‘उज्ज्वल भविष्य, समृद्धि एवं स्वस्थ भारत’ के लिए यह जरूरी है. सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि भारत में कोरोना वायरस के मुद्दे पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अधिकतर राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री से लॉकडाउन को दो सप्ताह के लिए और बढ़ाने का आग्रह किया। प्रवक्ता ने कहा कि सरकार इस आग्रह पर विचार कर रही है।
उन्होंने बताया कि लॉकडाउन खत्म करने की योजना के बारे में बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन दो सप्ताह और बढ़ाने पर राज्यों के बीच आम सहमति बनती दिख रही है। मोदी ने कहा, ‘लॉकडाउन की घोषणा करते हुए मैंने कहा था, ‘जान है तो जहान है। देश के अधिकतर लोगों ने इसे समझा और घरों के भीतर रहने की जिम्मेदारी का पालन किया. अब एक और आयाम ‘जान भी, जहान भी’ पर भी ध्यान देने की जरूरत है, जो भारत के ‘उज्ज्वल भविष्य, समृद्धि एवं स्वस्थ भारत’ के लिए जरूरी है।
