Sep 18 2026 / 11:43 PM

वसीम अकरम ने मैच फिक्सिंग के लिए कहा होता तो जान से मार देता: शोएब अख्तर

कराची। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर अपने विवादास्पद बयानों की वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। शोएब अख्तर ने अब वसीम अकरम को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया हैं।

पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा है कि अगर वसीम अकरम ने उनसे मैच फिक्सिंग के लिए कहा होता तो मैं उन्हें जान से मार देता।

अख्तर ने कहा, मैं 1990 के दशक के कुछ मैच देख रहा था और वसीम अकरम जिस तरह से अपनी स्विंग गेंदबाजी से पाकिस्तान को मुश्किल हालात से जीत की तरफ ले जा रहे थे वो देखकर हैरान था।

क्रिकेट पाकिस्तान के मुताबिक शोएब अख्तर ने कहा, मैं यह साफ तौर पर कहता हूं कि अगर वसीम अकरम ने मुझसे मैच फिक्सिंग के लिए कहा होता तो मैं उन्हें मार देता, लेकिन उन्होंने मुझसे कभी ऐसी बात नहीं की।

शोएब अख्तर ने वसीम अकरम की तारीफ करते हुए उनका शुक्रिया अदा किया और कहा, मैं वसीम भाई के साथ 7 या 8 साल खेला और मैं कई ऐसे वाकये बता सकता हूं जहां उन्होंने टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों को आउट कर मेरा साथ दिया।

अख्तर ने बताया, कई मौकों पर वसीम भाई ने टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को आउट कर मेरी मदद की थी, जबकि पुछल्ले बल्लेबाजों को मेरे लिए छोड़ देते थे। यहां तक कि उन्होंने मुझे अपनी पसंदीदा गेंद से भी गेंदबाजी करने दी।

बता दें कि वसीम अकरम पाकिस्तान क्रिकेट टीम के शानदार गेंदबाज रहे हैं। उनकी कहर बरपाती गेंदों के आगे बड़े से बड़े बल्लेबाज कई बार धराशाई हुए हैं।

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज वसीम अकरम का नाम दुनिया के महान तेज गेंदबाजों में शामिल है। रिवर्स स्विंग के बादशाह रहे वसीम अकरम ने वनडे क्रिकेट में 502 विकेट लिये थे।

2002 में विजडन ने उन्हें वनडे क्रिकेट का सर्वकालीन सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज घोषित किया था। वसीम अकरम पाकिस्तान के सबसे कामयाब क्रिकेटर रहे हैं।

अख्तर ने 46 टेस्ट, 163 वनजे और 15 टी20 मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने टेस्ट मैचों में 178, वनडे में 247 और टी20 मैचों में 19 विकेट लिए।

वसीम अकरम ने वनडे क्रिकेट में 502 और टेस्ट क्रिकेट में 414 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने बैटिंग में भी खूब कमाल दिखाया है। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 2898 और वनडे में 3717 रन बनाए हैं। वसीम अकरम ने पाकिस्तान टीम की कप्तानी भी की है।

Share With

मध्यप्रदेश