Jun 06 2026 / 10:07 PM

टेस्ट क्रिकेट में पुजारा को आउट करना सबसे मुश्किल: कमिंस

मेलबोर्न। टेस्ट क्रिकेट में अपने जुझारू अंदाज और लंबी पारियां खेलने के लिए मशहूर भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा के बैटिंग स्टाइल की अक्सर क्रिकेट विशेषज्ञ तारीफ करते हैं और उन्हें भारतीय टीम का सबसे बेहतरीन टेस्ट क्रिकेटर बताते हैं। वहीं मौजूदा दौर के गेंदबाज भी उनसे काफी परेशान रहते हैं। आईसीसी रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक गेंदबाज पैट कमिंस भी पुजारा से परेशान हैं और मानते हैं कि भारतीय बल्लेबाज को गेंदबाजी करना सबसे मुश्किल है।

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज कमिंस ने पुजारा को अपनी टीम के लिये सबसे बड़ा सिरदर्द करार दिया। भारतीय टीम के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने वाले पुजारा अपनी टिकाऊ पारियों के लिए जाने जाते हैं। कमिंस से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स संघ (एसीए) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में पूछा गया कि किस बल्लेबाज को गेंदबाजी करना सबसे मुश्किल लगता है। इसके जवाब में पुजारा का नाम लेते हुए कमिंस ने कहा, दुर्भाग्य से ऐसे कई बल्लेबाज हैं। लेकिन मैं एक ऐसे बल्लेबाज का नाम लूंगा जो सबसे हटकर है और वह भारत का पुजारा है वह हमारे लिये असली सिरदर्द था।

पुजारा ने 2018-19 के ऑस्ट्रेलिया दौर पर हुई 4 मैचों की टेस्ट सीरीज में तीन शतक और एक अर्धशतक की मदद से 521 रन बनाये थे। पुजारा की इन पारियों की मदद से ही भारत ने पहली बार ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीतने में सफलता हासिल की थी। पुजारा को इस श्रृंखला में मैन आफ द सीरीज चुना गया था।

उस सीरीज को याद करते हुए कमिंस ने बताया कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को पुजारा को आउट करने में कैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा, वह (पुजारा) सीरीज में उनकी तरफ से चट्टान की तरह खड़ा हो जाता उसे आउट करना बेहद मुश्किल था। वह हर दिन गजब की एकाग्रता बनाये रखता था। मेरा मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में उसे आउट करना सबसे मुश्किल है।

कमिंस पहले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज नहीं हैं। जिन्होंने पुजारा की तारीफ की है कुछ दिनों पहले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम के स्पिनर नाथन लायन ने भी पुजारा के बारे में कहा था कि पुजारा भारतीय क्रिकेट टीम की नई दीवार हैं और पिछली सीरीज में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था।

Share With

मध्यप्रदेश