Jun 06 2026 / 10:05 PM

बुमराह में क्रिकेट के तीनों प्रारुप में नंबर एक गेंदबाज बनने की क्षमता: युवराज सिंह

नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह का कहना है कि टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह में क्रिकेट के तीनों फॉर्मैट में नंबर एक गेंदबाज बनने की क्षमता है। कोरोना के कारण देशभर में जारी लॉकडाउन के दौरान युवराज और बुमराह ने इंस्टाग्राम पर लाइव सत्र के दौरान चर्चा की।

जसप्रीत बुमराह को इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में गिना जाता है, लेकिन उन्होंने कहा कि एक दौर ऐसा भी था जब उनके अजीबोगरीब एक्शन के कारण लोग सोचते थे कि वह भारत की तरफ से नहीं खेल पाएंगे।

युवराज ने बुमराह से कहा, आपको अपने अंदर यह विश्वास पैदा करना होगा कि आप दुनिया के नंबर एक गेंदबाज बन सकते हैं। आपको इस बारे में चिंता करने की जरुरत नहीं है कि दुनिया में लोग क्या सोचते हैं।

युवराज ने कहा, बुमराह में क्रिकेट के तीनों प्रारुप में नंबर एक गेंदबाज बनने की क्षमता है। इसके लिए आपका ध्यान अगले दो साल में नंबर एक गेंदबाज बनने पर केंद्रित होना चाहिए। आप टीम के परिपक्व खिलाड़ी हैं।”

इससे पहले युवराज ने जब उनके एक्शन को लेकर सवाल किया तो बुमराह ने कहा, कई लोगों ने मुझसे कहा कि मैं लंबे समय तक नहीं खेल पाऊंगा। लोगों को लगता था कि अगर देश की तरफ से खेलने वाला कोई आखिरी व्यक्ति होगा तो वह बुमराह होगा।

उन्होंने कहा, वे मुझसे कहते थे कि मैं केवल रणजी ट्रॉफी तक ही सीमित रहूंगा लेकिन मैंने सुधार जारी रखा और अपने एक्शन पर कायम रहा। बता दें कि इस 26 वर्षीय तेज गेंदबाज ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के दम पर जनवरी 2016 में भारत की तरफ से पदार्पण किया।

बुमराह ने अब तक 64 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच, 50 टी20 अंतरराष्ट्रीय और 14 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने जनवरी 2018 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया और बहुत कम समय में लंबे प्रारूप में भी विराट कोहली के विश्वसनीय गेंदबाज बन गए।

Share With

मध्यप्रदेश