Sep 24 2026 / 11:42 PM

अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर पीएम मोदी ने किया शोक व्यक्त

मुंबई। अभिनेता ऋषि कपूर का 67 साल की उम्र में गुरुवार को निधन हो गया। ऋषि लम्बे समय से कैंसर से पीड़ित थे और पिछले साल सितंबर में इलाज कराकर अमेरिका से लौटे थे। उनके निधन पर फिल्म जगत के अलावा खेल और राजनीति से जुड़े लोगों ने भी दुख जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, बहुआयामी, प्यारे और जीवंत… ऐसे थे ऋषि कपूर जी। वे प्रतिभा का पावरहाउस थे। मैं उनके साथ हुई बातचीत को हमेशा याद करूंगा, सोशल मीडिया वाली भी। वे फिल्मों और भारत की प्रगति को लेकर भावुक थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर शोक प्रकट किया। उन्होंने लिखा, ऋषि कपूर के असामयिक निधन से गहरा दुःख हुआ है। उनके सदाबहार और प्रसन्नचित्त व्यक्तित्व तथा ऊर्जा के कारण यह विश्वास करना मुश्किल है कि वे नहीं रहे। उनका निधन सिने जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।

ऋषि कपूर के अवसान को राहुल गांधी ने भारतीय सिनेमा के लिए डरावना बताया। उन्होंने लिखा, भारतीय सिनेमा के लिए ये एक भयानक सप्ताह है, जिसमें एक और महान अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया। एक अद्भुत अभिनेता, जिनके प्रशंसक अलग-अलग पीढ़ियों के हैं। वे बहुत याद किए जाएंगे।

स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने दुख प्रकट करने के लिए दो ट्वीट किए। पहले में उन्होंने लिखा, ‘क्या कहूं? क्या लिखूं कुछ समझ में नहीं आ रहा है। ऋषि जी के निधन से मुझे बहुत दुख हो रहा है। उनके जाने से फिल्म इंडस्ट्री की बहुत हानि हुई है। ये दुख सहना मेरे लिए बहुत मुश्किल है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।’

वहीं अगले ट्वीट में उन्होंने छोटे से ऋषि कपूर को गोद में लिए तस्वीर शेयर की और लिखा, ‘कुछ समय पहले ऋषि जी ने मुझे उनकी और मेरी ये तस्वीर भेजी थी। वो सब दिन, सब बातें याद आ रही हैं। मैं शब्दहीन हो गई हूं।’

Share With

मध्यप्रदेश