कोरोना के बाद मैदान पर सामाजिक दूरी का ध्यान रखना होगा: रहाणे
नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी से उबरने के बाद क्रिकेट की कल्पना करते हुए भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बुधवार को कहा कि अब जब भी मैदान में वापसी होगी तो सामाजिक दूरी का ध्यान रखना होगा। विकेट का जश्न मनाने के लिये खिलाड़ियों को नमस्ते का इस्तेमाल करना होगा।
रहाणे ने कहा, मैदान में खिलाड़ियों को और ज्यादा अनुशासित रहना होगा। सामाजिक दूरी का ध्यान रखना होगा। विकेट गिरने के बाद हमें जश्न के लिए शायद नमस्ते का सहारा लेना पड़े। हम किसी भी चीज को हलके में नहीं ले सकते।
उन्होंने कहा, विकेट गिरने पर हमें पुराने तरीके से जश्न मनाना होगा। जहां हम अपनी जगह खड़े रह कर ताली बजाते हुए खुशी का इजहार करेगे। शायद हम नमस्ते करें। हम किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले सकते।
अजिंक्य रहाणे घर रहते हुए अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने बताया है कि मैं अभी घर पर अभ्यास कर अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहा हूं। मैं फिटनेस के लिए कसरत, योग- ध्यान और कराटे का सहारा ले रहा हूं। मुझे ट्रेनर से इससे संबंध में कार्यक्रम मिला है।
बता दें कि इन दिनों कोरोना वायरस की वजह से क्रिकेट तो कहीं भी नहीं खेला जा रहा है और तमाम खिलाड़ी घरों में कैद हैं। यही नहीं घर पर रहकर फिटनेस का बरकरार रखना खिलाड़ियों की चुनौती होगी।
