आज शाम 4 बजे केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
नई दिल्ली। कोरोना संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश के नाम संबोधन के दौरान 20 लाख करोड़ रुपए के विशेष आर्थिक पैकेज का ऐलान किया था। इसे लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। इस दौरान 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज की घोषणा के बारे में विस्तार से बताएंगी।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बताएंगी कि किन-किन क्षेत्रों को कितनी राशि दी जाएगी और इस राशि का इस्तेमाल कैसे किया जाएगा। इस पैकेज का पूरा ब्यौरा सामने आने के बाद ही तय हो पाएगा कि देश को, अर्थव्यवस्था को, उद्योग और व्यापार को, गरीबों और किसानों को और नौकरीपेशा या अपने कारोबार में लगे मध्य वर्ग को इतिहास के इस सबसे बड़े पैकेज से क्या मिलने जा रहा है।
20 लाख करोड़ रुपए का ये पैकेज भारत की जीडीपी का करीब 10 फीसदी हिस्सा है। कहा जा रहा है कि इसके जरिए देश के विभिन्न वर्गों और आर्थिक कड़ियों को जोड़ने में बल मिलेगा। 20 लाख करोड़ रुपए के पैकेज की घोषणा के बाद भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों की लिस्ट में शामिल हो गया है जिसने जीडीपी का बड़ा हिस्सा दिया। जापान, अमेरिका, स्वीडन और जर्मनी ने ऐसा किया है।
दुनिया में अपनी जीडीपी के सबसे बड़े आर्थिक पैकेज के घोषणा जापान ने की है। कोरोना महामारी को देखते हुए जापान ने अपनी जीडीपी के 21.1 फीसदी हिस्से के आर्थिक पैकेज का ऐलान किया है। वहीं, दूसरे नंबर पर अमेरिका हैं जिसने अपनी जीडीपी के 13 फीसदी हिस्से के बराबर आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। पीएम मोदी के इस ऐलान के बाद उद्योग जगत ने 20 लाख करोड़ रुपए के प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा समय की जरूरत थी।
उद्योग मंडलों का कहना है कि इससे कोविड-19 महामारी और उसकी रोक थाम के लिए लागू पाबंदियों से प्रभावित अर्थव्यवस्था के पुनरूद्धार में मदद मिलेगी और आर्थिक वृद्धि को नई गति मिलेगी। फिक्की की अध्यक्ष संगीता रेड्डी ने कहा कि पांच आधार… अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचा, व्यवस्था, जनसंख्या और मांग को मजबूत करने से भारत फिर से सतत वृद्धि के रास्ते पर आएगा। उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जमीन, श्रम और नकदी पर जोर की जरूरत है।
एसोचैम के महासचिव दीपक सूद ने कहा, भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिये पांच बुनियाद को मजबूत बनाने से हम एक भेरसेमंद वैश्विक ताकत बनेंगे। वहीं पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष डी के अग्रववाल ने कहा कि इस मौके पर प्रोत्साहन पैकेज समय की जरूरत है। इससे अर्थव्यवस्था के बुनियाद को मजबूती मिलेगी और आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।
