Sep 25 2026 / 10:26 AM

देश में 24 घंटे में कोरोना के 4,987 नए केस, 3,979 मरीज ठीक हुए

नई दिल्ली। देश में लगातार कोरोना के पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं। देश में शनिवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 4,792 मरीज बढ़े तो 3,979 ठीक भी हुए। देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 91 हजार के करीब पहुंच गया है जबकि मौत का आंकड़ा 2800 के ऊपर पहुंच गया है। महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज सुबह जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, देश में कुल कंफर्म केस की संख्या 90,927 है, जिसमें 2872 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, ठीक होने वालों का आंकड़ा बढ़कर 34,108 हो गया है। अभी देश में 53,946 एक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के सबसे ज्यादा 4,987 नए मामले सामने आए हैं जबकि 120 लोगों की मौतें हुई हैं। हालांकि पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3,956 कोरोना पीड़ित मरीज ठीक भी हुए हैं।

कोरोना वायरस से अब तक सर्वाधिक 1135 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। यहां पीड़ितों की संख्या बढ़कर 30,706 हो गई है। महाराष्ट्र के बाद राजधानी दिल्ली में कोरोना के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,333 हो चुकी है। यहां अब तक 129 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 3,926 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं।

दिल्ली के बाद गुजरात में कोरोना के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। गुजरात में कोरोना के मामले बढ़कर 10,988 पहुंच गए हैं। इनमें से 625 लोगों की मौत हो चुकी है और 4,308 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। वहीं मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के अब तक 4,789 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 243 लोगों की मौत भी हो चुकी है और 2,315 लोग ठीक हो चुके हैं।

तमिलनाडु में कोरोना वायरस ने मामलों की संख्या बढ़कर 10,585 हो चुकी है। इनमें से 74 लोगों की मौत हो चुकी है और यहां 3,538 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। वहीं आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस के अब तक 2,355 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 1353 लोगों का इलाज हो गया है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। आंध्र प्रदेश में अब तक 49 लोगों की मौत हो चुकी है।

बिहार में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,179 हो गई है। यहां कोरोना से सात लोगों की मौत हुई है और 453 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़कर 4,258 हो चुके हैं। इनमें से 2,441 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। वहीं 104 लोगों की मौत हो चुकी है।

Share With

मध्यप्रदेश