Sep 24 2026 / 4:45 AM

देश में 31 मई तक बढ़ा लॉकडाउन

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। यह देशबंदी का चौथा फेज होगा, जो सोमवार 18 मई से शुरू होगा और 31 मई को खत्म होगा। रविवार को लॉकडाउन का तीसरे फेज खत्म होने से करीब छह घंटे पहले राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यानी एनडीएमए ने केंद्र सरकार और राज्यों को देशबंदी जारी रखने के निर्देश दिए।

नैशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीएमए) ने इस बारे में ऑर्डर जारी किया। इसमें केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों तथा राज्य सरकारों को कोविड-19 के संक्रमण से बचने के लिए उपाय करने को कहा गया है। देश में 25 मार्च से लॉकडाउन लागू है।

एनडीएमए ने कोई नई गाइडलाइन जारी नहीं की है। उसका कहना है कि देश में लॉकडाउन के बारे में नेशनल एग्जिक्यूटिव कमेटी (एनईसी) ने आपदा प्रबंधन कानून, 2005 की धारा 10 (2) के तहत समय-समय पर ऑर्डर और स्पष्टीकरण जारी किए हैं।

एनडीएमए ने अपने ऑर्डर में कहा है कि कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन के उपाय 31 मई तक जारी रहेंगे। आर्थिक गतिविधियों को खोलने के लिए एनईसी गाइडलाइंस में जरूरी बदलाव करेगी ताकि कोविड-19 के प्रसार को रोकने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी आगे बढ़ाया जा सके।

यह तीसरा मौका है जब लॉकडाउन बढ़ाया गया है। इससे पहले भी दो बार देश में लॉकडाउन बढ़ाया गया था और लॉकडाउन-3 की मियाद आज खत्म हो रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम संबोधन में लॉकडाउन बढ़ाने का संकेत दिया था। हालांकि उन्होंने कहा था कि यह कुछ नए रंग रूप वाला होगा। ऐसे में सबकी निगाहें इस बात पर टिकी थीं कि यह नया रंगरूप कैसा होगा? इसमें किस तरह की छूट दी जाएगी।

केंद्र के इस फैसले का इंतजार पूरा देश पीएम मोदी के आखिरी राष्ट्र के नाम संबोधन के बाद से ही कर रहा था। लेकिन पीएम मोदी ने कहा था कि सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ हालात को लेकर चर्चा के बाद ही किसी फैसले को लिया जाएगा।

गौरतलब है कि केंद्र के इस फैसले से पहले आज ही पंजाब, महाराष्ट्र और तमिलनाडु ने 31 मई तक लॉकडाउन बढाने का फैसला किया था। बता दें कि कोरोना वायरस से भारत में सबसे ज्यादा प्रभावित सूबा महाराष्ट्र ही है। अभी तक हालात यहां संभल नहीं पाए हैं, ऐसे में यह तय माना जा रहा था कि यहां लॉकडाउन बढ़ेगा।

बता दें कि महाराष्ट्र में अभी तक कुल मिलाकर 30706 मामले सामने आए हैं, और 1135 लोगों की मौत हो चुकी है।महाराष्ट्र में शनिवार रात तक 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1606 नए मामले सामने आए हैं और 67 लोगों की मौत हुई है।

Share With

मध्यप्रदेश