देश में 24 घंटों में 549 नए मामले, कुल संख्या 5,734 पहुंची, 166 लोगों की मौत
नई दिल्ली। पिछले 24 घंटों में देशभर से कोरोना वायरस के 549 नए मामले सामने आए हैं। पिछले एक हफ्ते से लगातार 500 से ज्यादा पॉजिटिव मामले रोज सामने आ रहे हैं। देश में कुल कन्फर्म मामलों की संख्या 5,734 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 17 मरीजों ने दम तोड़ दिया। अबतक 166 लोगों की COVID-19 से मौत हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अबतक 473 लोग कोरोना से रिकवर कर चुके हैं, उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। कोविड -19 की जांच को लेकर देश में अब तेजी से काम हो रहा है। सरकार ने 10 टीमों को कोरोना वायरस की जानकारियां लेने के लिए देश के 9 राज्यों में भेजा गया है।
वहीं लव अग्रवाल ने बताया कि कोरोना वायरस से निपटने में भारतीय रेलवे मदद के लिए आगे आया है। भारतीय रेलवे इस आपदा की घड़ी में कोरोना वायरस की चुनौतियों से निपटने में मदद कर रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे ने कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के लिए 80 हजार आइसोलेशन बेड बनाए हैं।
लव अग्रवाल ने आगे बताया कि भारतीय रेलवे ने कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने के लिए 2500 से ज्यादा डॉक्टरों की तैनाती की है। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने आगे बताया कि ‘अडॉप्ट ए फैमिली कैंपेन’ के तहत हरियाणा के करनाल में 13000 जरूरतमंद परिवारों को 64 लाख रुपये की मदद दी जा रही है। लव अग्रवाल ने आगे बताया कि देश वासियों को पीपीई मास्क और वेंटिलेटर को लेकर अब चिंतित होने की जरूरत बिलकुल भी नहीं है।
उन्होंने आगे बताया कि पीपीई, मास्क और वेंटिलेटर की आपूर्ति अब तेजी से शुरू हो गई है। भारत में 20 डोमेस्टिक मैन्युफैक्चर्रस को पीपीई के लिए तैयार की गई हैं। कोरोना वायरस संक्रमित लोगों के देखभाल के लिए 1.7 करोड़ पीपीई के लिए ऑर्डर दिए गए हैं और आपूर्ति शुरू हो गई है इसके अलावा 49,000 वेंटिलेटर का भी ऑर्डर दिया गया है।
