RBI ने की रेपो रेट में कटौती, लोन की ब्याज दरें होगी कम
नई दिल्ली। कोरोना के कारण आए आर्थिक संकट को दूर करने की कोशिश की जा रही है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को रेपो रेट में 40 बेसिस पॉइंट कटौती का ऐलान किया। अब रेपो रेट को 4.40 फीसदी से घटाकर 4 फीसदी कर दिया गया है। हालांकि, रिवर्स रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
साथ ही टर्म लोन मोरेटोरियम 31 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया गया है। तीन महीने और बढ़ने से अब मोरेटोरियम की सुविधा छह महीने की हो गई है। यानी इन छह महीने अगर आप अपनी ईएमआई नहीं चुकाते हैं, तो आपका लोन डिफॉल्ट या एनपीए कैटेगरी में नहीं माना जाएगा।
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि एमपीसी ने रेपो रेट में 0.40 फीसदी की कटौती का ऐलान किया है। अब रेपो रेट को 4 फीसदी कर दी गई है। इसका असर आपके ईएमआई पर हो सकता है। आपकी ईएमआई कम हो सकती है। उन्होने कहा, वित्त वर्ष 2021 में भारत के सकल घरेलू उत्पाद में गिरावट आएगी और यह नेगेटिव रह सकता है।
21 लाख करोड़ रुपए का आत्मनिर्भर भारत पैकेज
कोरोना आपदा से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने पिछले दिनों करीब 21 लाख करोड़ रुपए के आत्मनिर्भर भारत प्रोत्साहन पैकेज का ऐलान किया था। इसमें गरीब मजदूरों को नकद कैश और अनाज, एमएसएमई को 3 लाख करोड़ रुपए की क्रेडिट गारंटी, एनबीएफसी-एमएफआई को क्रेडिट गारंटी, मनरेगा के लिए एक्स्ट्रा फंड और किसानों के लिए कई उपाय किए गए हैं।
