Oct 31 2026 / 1:24 PM

बॉलीवुड एक्टर-कॉमेडियन मोहित बघेल का 27 साल की उम्र में निधन

नई दिल्ली। सलमान खान की फिल्म रेडी में छोटे अमर चौधरी की भूमिका निभाने वाले एक्टर मोहित बघेल जिन्होंने कॉमेडी शो ‘छोटे मियां’ के साथ शोबिज में अपने करियर की शुरुआत की थी, कैंसर के कारण उनका निधन हो गया है। वह अभी महज 27 साल के ही थे। इस खबर की पुष्टि कॉमेडी सर्कस के लेखक और निर्देशक और ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ के निर्देशक राज शांडिल्य ने की है। राज के इस ट्वीट के बाद पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर है।

यूपी के छोटे से शहर मथुरा से निकलकर मायानगरी मुंबई में अपनी प्रतिभा से धमाल मचाने वाले हास्य कलाकार मोहित बघेल की मौत से पूरा शहर दुखी है। महज 27 साल की उम्र में जिंदगी की जंग हारने वाले इस कलाकार की मौत को लेकर शहर में इस बात की चर्चाएं भी हैं कि कोरोना वायरस की वजह से लागू लॉकडाउन में मोहित को सही इलाज नहीं मिल सका। कैंसर पीड़ित मोहित का इलाज नोएडा के एक अस्पताल में चल रहा था। लेकिन पिछले कुछ दिनों से वे मथुरा स्थित अपने घर पर ही थे।

मोहित बघेल की आज सुबह 10 बजे के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन मोहित को लेकर तुरंत नयति अस्पताल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने मोहित को भर्ती करने से इनकार कर दिया। इसके बाद मोहित की हालत बिगड़ती चली गई। परिजनों का कहना था कि अगर अस्पताल में सही समय पर इलाज मिल जाता तो मोहित बघेल की जान बचाई जा सकती थी। हास्य कलाकार मोहित को मथुरा में जानने-पहचानने वाले और उसके दोस्त, आज गमगीन हैं। मोहित के एक दोस्त ने कहा कि इलाज न मिलने से उसकी जान चली गई।

मोहित बघेल के हुए अचानक निधन से हर कोई सदमे में है। बता दें, मोहित से छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक अपनी पहचान बहुत ही कम समय में बना ली थी। यहां तक कि वह सलमान खान के साथ फिल्म ‘रेडी’ में भी स्क्रीन शेयर कर चुके थे। मोहित ने ‘रेडी’ में छोटे अमर चौधरी का दमदार किरदार निभाया था।

मोहित बघेल का जन्म 7 जून 1993 को मथुरा उत्तर प्रदेश में हुआ था। उन्हें बचपन के दिनों से ही अभिनय में रुचि थी इसलिए उन्होंने स्कूल में नाटकों और वाद-विवाद में भाग लिया। उन्होंने 2011 में सलमान खान के साथ फिल्म ‘रेडी’ के साथ अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। उन्हें फिल्म ‘उमा’ में जिमी शेरगिल, संजय मिश्रा, ओम पुरी के साथ मुख्य भूमिका में भी देखा गया था।

Share With

मध्यप्रदेश