Oct 29 2026 / 1:10 AM

जिला चिकित्सालय इंदौर में मरीजों को अब नहीं लगना होगा लाइन में

इंदौर। इंदौर के जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए एक नई ऑनलाईन डिजिटल व्यवस्था शुरू की गई है। इसके तहत मरीजों को अब ओपीडी पर्ची के लिए लाइन में नहीं लगना होगा। ओपीडी पर्ची अब तुरंत ऑनलाइन बनेगी। इसके आधार पर उन्हें एक स्लिप जनरेट होगी, जिसके माध्यम से वे अपना नंबर आने पर तुरंत डॉक्टर को दिखा सकेंगे। इस नई व्यवस्था से मरीजों को कई सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्हें त्वरित और कतार रहित ओपीडी रजिस्ट्रेशन की सुविधा मिलेगी।

यह व्यवस्था आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत शुरू की गई है। इस नवीन व्यवस्था का शुभारंभ आज किया गया। बताया गया कि मरीजों को ओपीडी पर्ची के लिए ऑनलाइन सुविधा मोबाइल एप और क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। आज जिला चिकित्सालय इंदौर में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत उक्त सुविधा का शुभारंभ किया गया। मरीजों को स्कैन और शेयर सुविधा से श्रम और समय दोनों की बचत होगी। ओपीडी में लगने वाली लंबी कतारों से निजात मिलेगी।

मरीजों को स्कैन एंड शेयर के माध्यम से टोकन जनरेट किये जाएंगे। इस व्यवस्था का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. एस. सैत्या तथा सिविल सर्जन डॉ.जी एल सोढ़ी द्वारा किया गया। इस अवसर पर ओआईसी डॉ. नवीन दीवान, आरएमओ डॉ. सतीश नीमा, आयुष्मान नोडल डॉ. संतोष सिसोदिया, शाखा प्रभारी श्री देवेंद्र रघुवंशी, आयुष्मान जिला समन्वयक श्री राहुल चौकसे, श्री मुन्ना कुमार आदि उपस्थित थे।

Share With

मध्यप्रदेश