Oct 29 2026 / 1:10 AM

अनंतनाग एनकाउंटर: वीके सिंह का बड़ा बयान, कहा- हमें पाकिस्तान को अलग-थलग करना होगा

इंदौर। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों से मुठभेड़ में कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धौंचक और डीएसपी हुमायूं भट के बलिदान पर केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह का बयान आया है। आज जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने इंदौर पहुंचे केंद्रीय मंत्री व पूर्व जनरल वीके सिंह ने मीडिया से चर्चा की है, इस दौरान उन्होंने कहा कि जब तक हम पाकिस्तान को अलग-थलग नहीं करेंगे तब तक कुछ बदलने वाला नहीं है।

वीके सिंह ने कहा कि हमारे यहां बॉलीवुड वाले आ जाएंगे, क्रिकेट मैच खेलने वाले आ जाएंगे। पाकिस्तान पर दवाब डालना है तो उनको अलग-थलग करना होगा। उनको पता चलना चाहिए कि आप नॉर्मल चीजों के अंदर हमारे साथ तबतक रिश्ते नहीं बना सकते हैं, जबतक आप खुद नॉर्मल नहीं हो जाते।

बता दें कि बुधवार को अनंतनाग जिले के कोकेरनाग इलाके के गडोले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर, एक प्रमुख रैंक के अधिकारी और एक पुलिस उपाधीक्षक शहीद हो गए। गुरुवार को, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि उसने अनंतनाग जिले में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को घेर लिया है।

Share With

मध्यप्रदेश