Oct 29 2026 / 11:09 AM

संजय सिंह के परिवार से मिले सीएम भगवंत मान, बोले- भाजपा के जुल्म का दीया बुझने वाला है

नई दिल्ली। आप सांसद संजय सिंह के परिवार से पंजाब के सीएम भगवंत मान ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सीएम भगवंत मान ने कहा कि जांच एजेंसी मोदी सरकार के इशारे पर काम कर रही है।

उन्होंने ने कहा कि आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से केंद्र सरकार घबराई हुई है। सीएम मान ने कहा कि भाजपा का एक फार्मूला है, जहां जनता साथ ना दे वहां ईडी का इस्तेमाल करके विपक्ष को डराओ, उनके विधायक को डराओ, खरीदो और सरकार बदल दो।

सीएम मान ने आगे कहा कि मनीष सिसोदिया के मामले में भी कोर्ट ने कहा था दो मिनट भी केस नहीं टिकेगा। आम आदमी पार्टी एंटी करप्शन मूवमेंट से निकली पार्टी है, हम आम आदमी पार्टी के सिपाही हैं। डरने वाले नहीं हैं। हम किसी और मिट्टी के बने हैं।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि असली नारा एक ही है, जो बीजेपी वाले बोलते नहीं हैं। वह नारा है एक देश एक दोस्त। जो दोस्त हैं, उनके घर ईडी जानी चाहिए। लेकिन वहां नहीं जाती है। एक दोस्त के लिए उन्होंने 140 करोड़ लोगों को सूली पर टांग रखा है।

सीएम मान ने कहा कि यह एक दीया है और दीया जब ज्यादा फड़फड़ाता है तो उसके बुझने का समय होता है। भाजपा के जबर और जुल्म का दीया आने वाले दिनों में बुझने वाला है। पंजाबी में कहते हैं इंतिहा करने वाले को पता नहीं चलता की उसका अंत कब हो जाता है।

Share With

मध्यप्रदेश