Oct 29 2026 / 11:11 AM

पंजाब सरकार ने खुली बहस के लिए बुक करवाया थिएटर, सीएम मान ने विपक्ष को दी थी चुनौती

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से प्रदेश के विपक्षी नेताओं को दी गई खुली बहस की चुनौती के लिए स्थान तय करने की तैयारी शुरू हो गई हैं। विरोधी पार्टियों की तरफ से चैलेंज स्वीकार करने के बाद पंजाब सरकार की तरफ से चंडीगढ़ के टैगोर थिएटर को बुक किया गया है। जहां पर पंजाब के सीएम भगवंत मान व विरोधी पार्टियों के बड़े-बड़े नेता आमने-सामने होंगे।

हालांकि अभी यह तय नहीं है कि बहस का स्वरूप क्या होगा लेकिन जिस प्रकार से सरकार ने थिएटर को बुक करवाया है, उससे स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री 1 नवंबर को खुली बहस करवाएंगे। यह पहला मौका होगा जब सरकार और विपक्ष विधानसभा की बजाए किसी सार्वजनिक स्थल पर बहस करेंगे।

सीएम मान ने हाल ही में सभी विपक्षी दलों के अध्यक्ष को खुले तौर पर बहस करने की चुनौती दी थी। सीएम मान की ये चुनौती सतलुज यमुना लिंक नहर सहित पंजाब के मुद्दों को लेकर थी। मुख्यमंत्री मान की इस चुनौती को पंजाब के भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल, प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने स्वीकार कर लिया और कहा कि वो बहस करने के लिए तैयार है।

Share With

मध्यप्रदेश