Oct 29 2026 / 8:31 AM

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री तोमर को विधानसभा अध्यक्ष पद की शपथ लेने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रोटेम स्पीकर श्री भार्गव का भी माना आभार

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री नरेन्द्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष पद की शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएँ दीं। श्री तोमर 16वीं विधानसभा के 19वें अध्यक्ष हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री तोमर का नाम विधानसभा अध्यक्ष के लिये सर्वमान्य रहा। उनके व्यक्तित्व का ही प्रभाव है कि उनके नाम को सभी दलों ने स्वीकारा और उन्हें समर्थन दिया। उनका सुदीर्घ प्रशासनिक अनुभव, सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण और सबको साथ लेने की क्षमता उन्हें सर्वमान्य बनाती है। श्री तोमर के पुरुषार्थ, परिश्रम, विनम्रता और सहज सरल स्वभाव से सदन गौरवान्वित है। निश्चित ही उनके अध्यक्षीय दायित्व निर्वहन से सदन की गरिमा में वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह हम सबका सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की आजादी के अमृत काल में लोकतंत्र के इस मंदिर में अध्यक्ष श्री तोमर के ज्ञान, कौशल एवं अनुभव का लाभ प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रोटेम स्पीकर श्री गोपाल भार्गव के कुशल दायित्व निर्वहन तथा शपथ ग्रहण एवं प्रतिज्ञान की कार्यवाही के सुगम संचालन के लिये आभार व्यक्त किया।

Share With

मध्यप्रदेश