Oct 29 2026 / 10:02 AM

कनाड़िया और खुडै़ल तहसील कार्यालय 15 जनवरी से होंगे नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित

राजस्व संबंधी कार्यों के लिये ग्रामीणों को नहीं आना होगा शहर में-79 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ

जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने नवनिर्मित भवनों का किया निरीक्षण

श्री सिलावट ने कनाड़िया के प्रगतिरत सिविल अस्पताल भवन का निर्माण अगले दो माह में पूर्ण करने के दिये निर्देश

इन्दौर। जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज सांवेर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्री सिलावट ने बताया कि कनाड़िया और खुड़ैल तहसील कार्यालय 15 जनवरी से नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित हो जायेंगे। कनाड़िया में लगभग 16 बीघा क्षेत्र में तथा खुड़ैल में तीन एकड़ क्षेत्र में तहसील कार्यालय के लिये नया भवन बनाया गया है। प्रत्येक तहसील कार्यालय की लागत लगभग साढ़े 6 करोड़ रूपये हैं।

इस अवसर पर एसडीएम श्री अजीत श्रीवास्तव भी मौजूद थे। श्री सिलावट ने विकास कार्यों के निरीक्षण की शुरूआत कनाड़िया में लगभग 10 करोड़ रूपये की लागत से बनाये जा रहे सिविल अस्पताल के भवन के निरीक्षण से की। उन्होंने इस अवसर पर निर्देश दिये कि अस्पताल भवन का निर्माण कार्य हर हाल में अगले दो महिने में पूर्ण कर लिया जाये। कार्य पूर्णता के लिये साप्ताहिक कार्ययोजना बनाकर प्रगति की समीक्षा की जाये। उन्होंने इस अस्पताल में लिफ्ट लगाने के निर्देश भी दिये। बताया गया कि कनाड़िया में सिविल अस्पताल सर्व सुविधायुक्त बनाया जा रहा है। इसमें 50 बिस्तरों की व्यवस्था रहेगी। सभी तरह की जांचे भी होंगी।

श्री सिलावट ने तहसील कार्यालय कनाड़िया के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिये कि दोनों तहसील कार्यालयों को पूर्णत: कम्प्युटराइज्ड किया जाये। तहसील कार्यालयों में आरओ की व्यवस्था रहे जिससे की आने वाले ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिले। तहसील कार्यालय में प्रतिक्षा शेड, पार्किंग, उद्यान, पहुंच मार्ग आदि की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये। बताया गया कि खुड़ैल और कनाड़िया में तहसील कार्यालय स्थापित होने से 79 गांवों के ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्य के लिये शहर नहीं आना पड़ेगा। ग्रामीणों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

श्री सिलावट ने तलावली चांदा मांगलिया में लगभग साढ़े 6 करोड़ रूपये की लागत से बन रहे फूड एण्ड ड्रग लेब के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने यह भवन का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने इस भवन में सभी आवश्यक उपकरण जल्द से जल्द लगाने के निर्देश भी दिये।

डीजल/पेट्रोल/गैस की आपूर्ति सतत बनाये रखने के निर्देश

जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने निर्देश दिये है कि इंदौर जिले में डीजल/पेट्रोल/गैस की आपूर्ति हर हाल में सतत बनायी रखी जाये। इस संबंध में उन्होंने आज रेसीडेंसी में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी से चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने तहसील कार्यालयों को भी शीघ्र प्रारंभ करने के संबंध में कलेक्टर से चर्चा की।

Share With

मध्यप्रदेश