Oct 30 2026 / 12:37 PM

इंदौर: पीएससी की तैयारी कर रहे 18 साल के छात्र की साइलेंट अटैक से मौत

इंदौर। देश में पिछले कुछ समय से हार्टअटैक के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन ऐसी खबरें सामने आती हैं, जिसमें लोग काम करते हुए, डांस करते हुए या फिर जिम में एक्सरसाइज करते हुए दम तोड़ रहे हैं। अचानक हो रही इन मौतों के पीछे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। इसी बीच मध्य प्रदेश के इंदौर में एमपीपीएससी की तैयारी कर रहे एक छात्र की कोचिंग में पढ़ाई के दौरान हार्टअटैक से मौत हो गई।

मामला भंवरकुआं स्थित कोचिंग का है। छात्र इंदौर में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई कर रहा था वह सागर का रहने वाला था। छात्र का नाम राजा लोधी है। उसके पिता पीएचई में इंजीनियर हैं और बड़ा भाई मोबाइल का बिजनेस करता है। राजा अधिकारी बनना चाहता था।

भंवरकुआ पुलिस ने बताया कि छात्र यहां पर पीएससी की तैयारी कर रहा था। वह सागर के एक कालेज से बीए फाइनल ईयर की पढ़ाई भी कर रहा था। बुधवार दोपहर वह कोचिंग आया तब ठीक था लेकिन पढ़ाई करते समय उसकी तबियत बिगड़ गई। दोस्त उसे तुरंत पास के अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे इमरजेंसी में एडमिट किया और उपचार शुरू कर दिया। उसे ईसीयू में रखा गया लेकिन बुधवार शाम को उसने दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र का परिवार अस्पताल पहुंचा। परिवार के सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि कोचिंग संस्थान ने उन्हें पूरे सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं करा रहा है। छात्र के परिवार में एक बड़ा भाई है जो मोबाइल का बिजनेस करता है। यह सभी कोचिंग भी पहुंचे और कोचिंग के संचालकों से बात की। छात्र के पिता पीएचई डिपार्टमेंट में है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है।

बता दें कि इन दिनों अचानक मौत से जुड़े मामले लगातार सामने आ रहे हैं। राजा लोधी की मौत हाल ही में इंदौर में इस तरह की चौथी घटना है, जिससे युवाओं में मौत के इस पैटर्न को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। युवक की मौत के सही कारणों की जांच की जा रही है।

Share With

मध्यप्रदेश